Neha Bora: दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. चर्चा है कि क्या इस संगठन को सरकार के खिलाफ माहौल बनाने के लिए खड़ा किया गया. या फिर इसके पीछे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और आम आदमी पार्टी (AAP) का समर्थन है. अब ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा ने इन सवालों पर अपना जवाब दिया है.
एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में नेहा बोरा से पूछा गया कि क्या CJP को सरकार ने पर्दे के पीछे से खड़ा किया है या इसके पीछे RSS का हाथ है? इस पर उन्होंने कहा कि अब तक उन्हें ऐसी कोई जानकारी या सबूत नहीं मिला है, जिससे इन आरोपों की पुष्टि हो सके.
नेहा बोरा ने क्या-क्या कहा?
नेहा ने मौजूदा राजनीतिक माहौल का जिक्र करते हुए यह भी कहा कि नेताओं पर जांच और दूसरी कार्रवाइयों के जरिए दबाव बनाया जा सकता है. ऐसे में वह अपने किसी बयान को लेकर भविष्य में गलत साबित नहीं होना चाहतीं. उन्होंने बताया कि CJP के नेताओं से उनकी जितनी बातचीत हुई है, उससे उन्हें लगता है कि वे देश की मौजूदा परिस्थितियों को समझते हैं और RSS से जुड़े नहीं हैं.
नेहा के इस बयान से साफ है कि वह फिलहाल CJP को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर भरोसा नहीं कर रही हैं. लेकिन, उन्होंने भविष्य की संभावनाओं को लेकर पूरी तरह से कोई दावा भी नहीं किया.
AAP से जुड़ाव पर क्या बोलीं नेहा?
नेहा ने यह भी कहा कि अगर CJP का आम आदमी पार्टी से जुड़ाव है, तो उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है. उनके मुताबिक, फिलहाल AAP भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खिलाफ लड़ रही है. ऐसे में अगर उससे जुड़े छात्र संगठन भी BJP और RSS का विरोध कर रहे हैं, तो उन्हें इसमें कोई आपत्ति नहीं है.
क्या राजनीति में उतरेगी CJP?
CJP के भविष्य में राजनीतिक पार्टी बनने की संभावना पर भी नेहा बोरा से सवाल किया गया. इस पर उन्होंने कहा कि अगर संगठन राजनीति में उतरने का फैसला करता है, तो उन्हें इससे कोई दिक्कत नहीं होगी. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें फिलहाल नहीं पता कि CJP के नेता ऐसा करना चाहते हैं या नहीं.
ये भी पढ़ें:चुनाव से पहले जेल से बाहर आ पाएंगे आजम खान? हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद भी सस्पेंस
