Vistaar NEWS

‘राम भक्तों की भावना को चोट पहुंची…’, चंदा चोरी के मामले में संघ का पहला बयान, धैर्य रखने की अपील

Dattatreya Hosabale

Ram Mandir Donation Theft: अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में हुई कथित चंदा चोरी के मामले अब पहली बार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का बयान सामने आया है. जिसमें संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि इस तरह की घटना के कारण राम भक्तों की भावना को चोट पहुंची है. इसके साा ही उन्‍होंने तमाम लोगों से इस पूरे मामले में धैर्य रखने की भी अपील की है.

संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि यह घटना करोड़ों रामभक्तों की आस्था और श्रद्धा को आहत करने वाली है. उन्होंने कहा कि श्री राम जन्मभूमि पर बना भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष, त्याग और समर्पण का प्रतीक है. ऐसे में दान राशि की चोरी की घटना पूरे हिंदू समाज के लिए बेहद दुखद और निंदनीय है.

संघ ने बताया कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है.  उसकी सिफारिशों के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है. संघ ने मांग की है कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उन्हें कठोर से कठोर दंड दिया जाए.

दत्तात्रेय होसबाले ने क्‍या-क्‍या कहा?

दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि न्यास से पूरे हिंदू समाज की स्वाभाविक अपेक्षा है कि वह इस घटना को असाधारण मानते हुए मंदिर की व्यवस्था और संचालन में यदि कोई कमी है तो उसे तुरंत दूर करे. उन्होंने जोर दिया कि वित्तीय प्रबंधन और प्रशासनिक व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और श्रद्धालुओं का विश्वास मजबूत बना रहे.

संघ ने यह भी कहा कि मंदिर प्रबंधन और शासन द्वारा गठित विशेष जांच दल सभी जरूरी कदम उठाकर वर्तमान भ्रम और असमंजस की स्थिति को जल्द समाप्त करें. इसके साथ ही यह विश्वास जताया कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास पारदर्शी व्यवस्था और धार्मिक गरिमा के अनुरूप संचालन सुनिश्चित करेगा.

लोगों से धैर्य रखने की अपील

अपने बयान के अंत में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने पूरे हिंदू समाज से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील की है. संघ ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का फायदा उठाकर हिंदू धर्म और समाज को बदनाम करने की कोशिश करने वाली हिंदू विरोधी और राष्ट्र विरोधी शक्तियों के मंसूबों को सफल नहीं होने देना चाहिए. 

ये भी पढ़ें:‘चंपत राय को जाना पड़ सकता है जेल…’, पीएम मोदी से आधी रात को हुई बात के बाद बोले विनय कटियार

Exit mobile version