Congress Wins Bhajanlal District: राजस्थान में आज पंचायत चुनाव की मतगणना हुई है. जिसमें भारतीय जनता पार्टी को तगड़ा झटका लगा है. भाजपा को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में ही करारी शिकस्त मिली है. यहां पर कांग्रेस ने अपना परचम लहराया है. ऐसा नहीं है कि कांग्रेस सिर्फ भरतपुर में ही आगे है. कई बड़े भाजपा नेताओं के जिले में कांग्रेस को बढ़त मिली है. सीएम के गृह जिले भरतपुर में तो भाजपा को कांग्रेस ने काफी पीछे छोड़ दिया है.
क्या है भरतपुर जिले का गुणा-गणित?
भरतपुर जिला परिषद की 31 सीटों में से कांग्रेस पार्टी ने 21 सीटों पर जीत दर्ज की है. एक सीट पर हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी)ने जीत दर्ज की है, तो वहीं भाजपा के खाते में सिर्फ 9 सीटें आई हैं. जबकि पिछले चुनाव में भाजपा ने 17 सीटों पर जीत दर्ज की थी. लेकिन इस बार की तस्वीर बिल्कुल अलग है. कांग्रेस ने एकतरफा बाजी मारी है.
सीएम के जिले में ही कांग्रेस की जीत
जिला परिषद के चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज कर हर किसी को चौंका दिया और भाजपा के लिए चिंता खड़ी कर दी. क्योंकि जिस जिले से खुद प्रदेश के सीएम ताल्लुख रखते हों. उस जिले में कांग्रेस का एकतरफा जीतना चिंता का विषय तो है ही. वहीं पंचायत समिति चुनाव की अगर बात करें, तो उसमें निर्दलियों का बोलबाला रहा है. भारी संख्या में निर्दलियों ने जीत दर्ज कर भाजपा- कांग्रेस दोनों के लिए चिंता पैदा कर दी.
भाजपा को बड़ा झटका
भरतपुर जिला परिषद चुनाव के परिणाम ने भाजपा के लिए टेंशन खड़ी कर दी है. भाजपा की कमजोरी और कांग्रेस को मिली मजबूती की आखिर क्या वजह रही होगी. इसको लेकर आलाकमान समीक्षा भी कर सकता है.
