BJP Protest At Congress Headquarters: प्रधानमंत्री आवास के पास कांग्रेस के हालिया प्रदर्शन को लेकर सियासी टकराव और तेज हो गया है. भारतीय जनता पार्टी ने इस पूरे घटनाक्रम को सुरक्षा मानकों के खिलाफ बताते हुए आज देशभर में कांग्रेस के राज्य और जिला कार्यालयों के बाहर विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है. पार्टी नेताओं का कहना है कि दोपहर 12 बजे के बाद अलग-अलग राज्यों में कार्यकर्ता एकत्र होकर कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे. इस मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज कराएंगे.
बीजेपी का आरोप है कि राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास के आसपास प्रदर्शन कर सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े नियमों की अनदेखी की. पार्टी का कहना है कि देश के सबसे संवेदनशील इलाकों में इस तरह का विरोध प्रदर्शन सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चुनौती पैदा कर सकता है. इसी आधार पर बीजेपी ने कांग्रेस पर गैर-जिम्मेदाराना राजनीति करने का आरोप लगाया है.
कांग्रेस ने पूरे मामले पर क्या कहा?
दूसरी ओर कांग्रेस का कहना है कि उनका प्रदर्शन छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर था. पार्टी के नेताओं का दावा है कि वे मेडिकल प्रवेश परीक्षा से जुड़े विवाद, परीक्षा प्रणाली में सुधार और छात्रों के हितों से संबंधित मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज करा रहे थे. कांग्रेस का आरोप है कि उनकी आवाज दबाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई की और कई नेताओं को हिरासत में लिया गया, हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया.
मॉनसून सत्र पर दिख रहा सीधा असर
इस पूरे घटनाक्रम का असर संसद के मानसून सत्र में भी देखने को मिला। विपक्ष लगातार परीक्षा से जुड़े मुद्दों और छात्रों के मामलों पर विस्तृत चर्चा की मांग कर रहा है, जबकि सरकार का कहना है कि वह सदन के भीतर सभी विषयों पर चर्चा के लिए तैयार है.
दोनों पक्षों के बीच जारी आरोप-प्रत्यारोप के कारण सदन की कार्यवाही भी प्रभावित हुई. अब बीजेपी के राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन और कांग्रेस की प्रतिक्रिया के बीच इस राजनीतिक विवाद के और अधिक तेज होने की संभावना जताई जा रही है.
