Vistaar NEWS

CBI का बड़ा एक्शन, रेलवे इंजीनियर 15 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

CBI (File photo)

सीबीआई (फाइल फोटो)

नई दिल्ली. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दक्षिण मध्य रेलवे, विजयवाड़ा में मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता (परियोजना) कार्यालय में पदस्थ वरिष्ठ अनुभाग अभियंता Bapiraju को 15 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. मामले में एक निजी व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है. सीबीआई के अनुसार, मामले में 16 अगस्त 2026 को वरिष्ठ अनुभाग अभियंता, निजी कंपनियों के चार प्रतिनिधियों तथा अज्ञात सरकारी कर्मचारियों और निजी व्यक्तियों के खिलाफ रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में प्रकरण दर्ज किया गया था.

जांच में सामने आया कि दो निजी कंपनियों के संयुक्त उपक्रम को दक्षिण मध्य रेलवे की ओर से करीब 179.50 करोड़ रुपए का स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग कार्य दिया गया था. संयुक्त उपक्रम ने निर्धारित समय से पहले काम पूरा करने के आधार पर करीब 7 करोड़ रुपए के बोनस का दावा किया था. सीबीआई को जानकारी मिली कि दक्षिण मध्य रेलवे के परियोजना कार्यालय, विजयवाड़ा के अधिकारियों ने बोनस से संबंधित फाइल में तारीखों में हेरफेर कर संयुक्त उपक्रम को अनुचित लाभ पहुंचाया और बोनस दावे की मंजूरी का रास्ता साफ किया.

सीबीआई ने बरामद की पूरी रकम

आरोप है कि निजी कंपनी के प्रबंध निदेशक ने वरिष्ठ अनुभाग अभियंता को बताया था कि 16 अगस्त को उनका बेटा विशाखापत्तनम से विजयवाड़ा जाते समय 15 लाख रुपए की रिश्वत पहुंचाएगा. सूचना के आधार पर सीबीआई ने 16 अगस्त को जाल बिछाया. इस दौरान वरिष्ठ अनुभाग अभियंता को निजी व्यक्ति से 15 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया गया. सीबीआई ने रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली.

इसके बाद सीबीआई की टीम ने आरोपियों से जुड़े परिसरों पर विशाखापत्तनम, विजयवाड़ा, पीठापुरम और हैदराबाद में तलाशी अभियान चलाया. तलाशी और जांच की कार्रवाई जारी है. सीबीआई ने वरिष्ठ अनुभाग अभियंता और निजी व्यक्ति को 16 अगस्त को गिरफ्तार किया. दोनों आरोपियों को 17 अगस्त 2026 को विजयवाड़ा की सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा. मामले में आगे की जांच जारी है.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः नितिन नवीन की टीम में छत्तीसगढ़ से कौन होगा! इन दो विभागों पर होगा ‘अपना दबदबा’

Exit mobile version