Vistaar NEWS

NEET पेपर लीक पर जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का आंदोलन जारी, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज

कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शन

कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शन

Cockroach Janta Party: दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ शुरू हुआ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन अब बड़े जनआंदोलन का रूप लेता दिख रहा है. पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में हजारों छात्र, युवा और समर्थक लगातार दूसरे दिन भी धरने पर डटे हुए हैं. प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और परीक्षा घोटालों की जवाबदेही तय करने की है.

शनिवार को शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन रातभर जारी रहा, दीपके ने कहा कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक आंदोलन खत्म नहीं होगा. उन्होंने NEET री-टेस्ट देने वाले छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए परीक्षा के बाद आंदोलन में शामिल होने की अपील भी की.

प्रदर्शन की खास बात यह रही कि यहां पारंपरिक नारों के बजाय रैप, कविता, स्टैंड-अप कॉमेडी, मीम्स और व्यंग्य के जरिए सरकार पर सवाल उठाए गए. युवाओं ने इसे केवल NEET का मुद्दा नहीं बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही की लड़ाई बताया है.

अभ‍िजीत दीपके ने लगाए गंभीर आरोप

धरने के दौरान अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने प्रदर्शन स्थल पर पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं बंद कर दीं, जिससे प्रदर्शनकारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा है. इसके बावजूद प्रदर्शन जारी रहा और समर्थकों ने रात जंतर-मंतर पर ही बिताई.

इस आंदोलन की पृष्ठभूमि में हाल के महीनों में सामने आए परीक्षा पेपर लीक, छात्रों में बढ़ता आक्रोश और NEET से जुड़े विवाद हैं. दीपके पहले भी कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं और हाल ही में एक छात्रा की आत्महत्या के मामले में पीड़ित परिवार से मिलकर मुआवजे की मांग भी उठा चुके हैं.

आंदोलन रहेगा जारी

कॉकरोच जनता पार्टी का यह विरोध सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा में है. संगठन का दावा है कि वह युवाओं की आवाज बनकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही की लड़ाई जारी रखेगा. वहीं सरकार की ओर से अभी तक प्रदर्शन की मांगों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.

ये भी पढ़ें:International Yoga Day: बंगाल से लेकर दिल्ली तक योगमय हुआ देश, PM मोदी ने किया योग, बोले- Yog सिर्फ बुजुर्गों के लिए नहीं

Exit mobile version