Mallikarjun Kharge: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर कांग्रेस और विपक्ष का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है. देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं. इन सब के बीच अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को पार्टी की तीन प्रमुख मांगें सामने रखीं. उन्होंने साफ किया कि इन मांगों से पीछे हटने का सवाल नहीं है.
खड़गे ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि कांग्रेस की पहली मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा है. दूसरी मांग मतदाता सूची के SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण को रद्द करने की है. वहीं तीसरी मांग चुनावों में EVM की जगह बैलेट पेपर से मतदान कराने की है.
देशभर में कांग्रेस करेगी प्रदर्शन
कांग्रेस अध्यक्ष के मुताबिक इन मुद्दों को लेकर पार्टी कार्यकर्ता और INDIA गठबंधन के सहयोगी देशभर में प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सिविल सोसाइटी और युवा संगठनों की ओर से जहां भी इन मुद्दों को लेकर आंदोलन किए जा रहे हैं. कांग्रेस उनका समर्थन करेगी.
SIR को लेकर कांग्रेस लगातार चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है. पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूची में बड़े स्तर पर बदलाव से वास्तविक मतदाताओं के नाम हटने का खतरा है. वहीं चुनाव आयोग का पक्ष है कि SIR का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाना और फर्जी, डुप्लीकेट, मृत या अपात्र मतदाताओं के नाम हटाना है.
दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी
दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी विरोध प्रदर्शन जारी है. सोमवार को NSUI कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से विरोध जताते हुए सफेद चादर ओढ़कर जमीन पर लेटकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि अगर वे जिंदा हैं तो वोटर लिस्ट में उनके नाम क्यों हटाए जा रहे हैं.
कांग्रेस ने प्रदर्शन के दौरान महिला पत्रकारों के साथ कथित व्यवहार को भी निंदनीय बताया है. पार्टी का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रहेगा.
