Vistaar NEWS

जामा मस्जिद थाने में घुसकर चाकूबाजी, 9 पुलिसकर्मी घायल, फायरिंग में आरोपी को लगी 6 गोलियां

Delhi Crime News

दिल्ली जामा मस्जिद में चाकूबाजी

राजधानी दिल्ली से एक हैरान कर देने वाली सनसनीखेज खबर सामने आई है. जामा मस्जिद थाने में सोमवार, 23 नवंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे पारिवारिक विवाद की शिकायत के सिलसिले में थाने बुलाए गए नबील नाम के व्यक्ति ने अचानक पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया और फरार हो गया. इसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए उसके पीछे पुलिसकर्मी भागे और एनकाउंटर के दौरान 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए. कुल मिलाकर इस चाकूबाजी की घटना में 9 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं.

चेहरे और गर्दन पर चोटें

इन सभी पुलिसवालों के चेहरे और गर्दन पर चोटें आई है. सभी को इलाज के लिए संजीवन अस्पताल ले जाया गया, जहां से फिर बेहतर इलाज के लिए गंगा राम अस्पताल रेफर कर दिया गया. इस पूरी घटना के बारे में इलाके के डीसीपी रोहित राजबीर ने जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि मां-बेटी करीब 2 बजे हमारे थाने में आए और उन्होंने कहा कि हमारे घर में नबील, जो बेटा और भाई है वह बहुत परेशान करता है.

थाने बुलाकर काउंसलिंग का अनुरोध

उन्होंने पुलिस ने अनुरोध किया कि उसे थाने बुलाकर काउंसलिंग कराई जाए. इसके बाद इंस्पेक्टर अजय ने नबील को थाने बुलाया. नबील थाने में घुसा और पूछा कि मुझे किसने बुलाया है, जैसे ही अजय ने कहा कि मैंने बुलाया है, उसने चाकू से उनके गले पर वार कर दिया. इसके बाद अन्य पुलिसकर्मी नबील को पकड़ने और अजय की सहायता के लिए दौड़े. इस दौरान नबील ने सभी पर चाकू से वार किया.

स्कूटी छीनकर भागा

इसके बाद आरोपी थाने से भागा और बाहर एक व्यक्ति के साथ मारपीट करके स्कूटी छीन ली. नबील का पीछा कई टीमें कर रही थीं. दरियागंज, जामा मस्जिद और चांदनी महल के अलावा ऑपरेशंस, स्पेशल स्टाफ और एटीएस की टीमें भी उसे तलाश करने में जुटी थीं. चितली कबर के पास उसे ट्रैक किया गया. जैसे ही हमारी टीम चितली कबर पहुंची, उसे सरेंडर करने की चेतावनी दी गई और आगाह किया गया.

जैसे ही पुलिस टीम उसके पास पहुंची, उसने फिर से चाकू निकालकर पुलिस टीम पर वार किए. इस हमले में हमारे चार कांस्टेबल घायल हुए. वे चारों भी घायल हैं और उन्हें एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया है.

डीसीपी के मुताबिक, जब पुलिस को लगा कि आरोपी इस तरह काबू में नहीं आएगा, तब हमारी टीम ने प्रोफेशनलिज्म दिखाते हुए सेल्फ डिफेंस में दो-तीन फायर किए. लेकिन जब वह काबू में नहीं आया तो कुल आठ राउंड फायर किए गए. इनमें से छह गोलियां उसे लगीं. दोनों पैरों में मिलाकर उसे छह गोलियां लगी हैं. उसका काफी खून बहा है. उसे भी एलएनजेपी अस्पताल शिफ्ट किया गया है.

Exit mobile version