Model Muskan Murder News: पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में 21 साल की छात्रा और मॉडल मुस्कान की हत्या से सनसनी फैल गई है. युवती पर उसके घर के अंदर चाकू से हमला किया गया. घटना के समय वह घर में अकेली थी. गंभीर रूप से घायल मुस्कान को पड़ोसियों ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल एक जिम ट्रेनर इमरान पर शक जताया जा रहा है.
मुस्कान ओल्ड महावीर नगर में मंगला अस्पताल के पास अपने माता-पिता और भाई-बहनों के साथ रहती थी. बुधवार शाम करीब 5 बजे एक युवक के घर में आने और फिर हमला करने की बात सामने आई है. पुलिस का कहना है कि आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया.
मुस्कान की चीख सुनकर आसपास के लोग तुरंत उसके घर पहुंचे. वहां वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली. उसे बिना देरी किए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
जिम ट्रेनर पर लगा आरोप
परिवार ने जिम ट्रेनर इमरान पर हत्या का आरोप लगाया है. परिजनों का दावा है कि आरोपी पहले से मुस्कान को परेशान कर रहा था. परिवार ने CCTV फुटेज देखने के बाद भी आरोपी की पहचान को लेकर दावा किया है. पुलिस अब इलाके के कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है. संदिग्ध की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
पूरे मामले पर पुलिस ने क्या कहा?
मुस्कान के एक दोस्त के अनुसार, उसने अपनी पढ़ाई पूरी कर ली थी और मॉडलिंग भी करती थी. पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है.आरोपी को जल्द पकड़ने के लिए तलाश अभियान जारी है.
ये भी पढ़ें:‘पहले घर आई थी साइबर सेल, अब सम्मान दे रही…’, CM फडणवीस के सामने क्या बोले समय रैना
