Vistaar NEWS

दिल्ली की हवा हुई जहरीली, पंजाबी बाग में AQI 450 पहुंचा, 11 इलाकों में स्थिति गंभीर

Delhi AQI

दिल्ली में AQI 450 पार (फाइल फोटो)

Delhi AQI: राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार चिंताजनक बना हुआ है. रविवार सुबह भी शहर के कई इलाकों में धुंध की मोटी परत छाई रही. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की ओर से सुबह 6 बजे जारी आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कई क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया. प्रदूषण का यह स्तर गंभीर श्रेणी में आता है और लोगों की सेहत के लिए बड़ा खतरा पैदा कर सकता है.

पंजाबी बाग में सबसे ज्यादा प्रदूषण

आंकड़ों के मुताबिक, पंजाबी बाग दिल्ली का सबसे प्रदूषित इलाका रहा, जहां AQI 450 दर्ज किया गया. वहीं, आरके पुरम में 449, IIT दिल्ली में 446 और द्वारका में 444 का स्तर रहा. मथुरा रोड में AQI 425, सिरीफोर्ट और नॉर्थ कैंपस (DU) में 423-423 दर्ज किया गया. चांदनी चौक में 417, पूसा में 415, बुराड़ी क्रॉसिंग में 411 और NSUT जाफरपुर में वायु गुणवत्ता सूचकांक 409 रहा. इन सभी इलाकों में प्रदूषण गंभीर श्रेणी में बना हुआ है.

कई इलाकों में हवा बेहद खराब

दिल्ली के कुछ अन्य क्षेत्रों में AQI 400 से नीचे जरूर रहा, लेकिन वहां भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब दर्ज की गई. नरेला में AQI 399, ITO में 396 और मंदिर मार्ग में 393 रहा. उत्तम नगर में यह स्तर 373, बुराड़ी में 370, तालकटोरा गार्डन और आया नगर में 369-369 दर्ज किया गया.

वायु प्रदूषण से स्वास्थ्य पर खतरा

इसके अलावा, वसुंधरा एन्क्लेव में AQI 356, टिकरी कलां और बदरपुर में 349-349, कराला में 337 और लोधी रोड (IITM) में 333 दर्ज किया गया. इस तरह राजधानी के अधिकांश निगरानी केंद्रों पर हवा की स्थिति खराब से गंभीर बनी हुई है.

दीपावली से पहले दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का बढ़ता स्तर लोगों की चिंता बढ़ा रहा है. हवा में मौजूद प्रदूषक तत्व सांस संबंधी समस्याओं और अन्य स्वास्थ्य जोखिमों को बढ़ा सकते हैं. प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ग्रैप-3 के तहत पाबंदियां लागू होने के बावजूद वायु गुणवत्ता में फिलहाल कोई बड़ा सुधार दिखाई नहीं दे रहा है.

Exit mobile version