गोंदिया रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म नंबर 04, सिकंदराबाद-रायपुर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12771) अपने निर्धारित समय 10:08 बजे पहुंची और 10:11 बजे यात्रियों को लेकर आगे बढ़ने के लिए रवाना हुई. प्लेटफॉर्म पर आम दिनों की तरह चहल-पहल थी, लेकिन कुछ ही पलों में यह सामान्य माहौल एक खौफ में बदलने वाला था.
जनरल टिकट पर सिकंदराबाद से बिलासपुर की यात्रा कर रहे लगभग 35 वर्षीय यात्री बसंत वर्मा ट्रेन के साथ आगे बढ़ रहे थे. तभी अचानक उन्हें मिर्गी का दौरा पड़ गया. इस अचानक आए अटैक ने पल भर में उनके शरीर का पूरा संतुलन बिगाड़ दिया. वे लड़खड़ाते हुए चलती हुई ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच के खतरनाक फासले की तरफ झुकने लगे.
एक तरफ चलती ट्रेन के पहिये और दूसरी तरफ मौत का मुंह-स्थिति इतनी भयानक थी कि बसंत वर्मा के ट्रेन के नीचे आने और वहां से गिरने की संभावना शत-प्रतिशत थी.
जब खाकी ने फर्ज से बढ़कर निभाया इंसानियत का धर्म
महाराष्ट्र | गोंदिया स्टेशन पर महिला RPF जवान ने बचाई यात्री की जान, CCTV में कैद हुई बहादुरी #GondiaRailwayStation #RPF #DeepikaBisen #RailwaySafety #Accident https://t.co/wqGG5ohWIX
— Vistaar News (@VistaarNews) November 18, 2026
इस जानलेवा संकट के बीच प्लेटफार्म पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की महिला आरक्षक दीपिका बिसेन की नजर इस भयानक दृश्य पर पड़ी. बिना एक सेकंड गंवाए, बिना अपनी जान की परवाह किए, उन्होंने मौत के मुंह की तरफ छलांग लगा दी.
यह सिर्फ एक ड्यूटी नहीं थी, बल्कि अदम्य साहस और मानवीय संवेदना का वह दुर्लभ पल था जहां एक रक्षक ने अपनी जान दांव पर लगाकर दूसरे की जिंदगी को खींच लिया. दीपिका बिसेन ने दौड़कर पूरी फुर्ती और सूझबूझ के साथ बसंत वर्मा को चलती ट्रेन की चपेट में आने से ठीक पहले कसकर पकड़ लिया और खींचकर पूरी तरह सुरक्षित स्थान पर ले आईं.
