Gujarat MP Liquor Case Clue: गुजरात के भावनगर जिले में जहरीली शराब पीने के बाद कई लोगों की मौत हो चुकी है. मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है. अब तक 11 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं तो कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है. जहरीली शराब बेचने बनाने को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. साथ ही साथ 12 लोगों हिरासत में लिया गया है. अब इस पूरे मामले में मध्य प्रदेश कनेक्शन सामने आ रहा है.
जहरीली शराब को लेकर ऐसा कहा जा रहा है कि यह मध्य प्रदेश से सप्लाई की जाती थी, जिसको रईस नाम का युवक पहुंचाता था. पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है.
अब तक की जांच के बाद आरोप है कि यह शराब मुरैना के रहने वाले नरेंद्र उर्फ डॉक्टर ने बनाई थी. जिसने शराब बनाई उसने भी पी थी, जिसके बाद उसकी भी मौत हो गई है.
रईस पर शराब सप्लाई करने का आरोप
गुजरात पुलिस की जांच में सामने आया कि रईस लंबे समय से भावनगर समेत गुजरात के अलग-अलग जगहों पर शराब बना रहा था, इसी शराब को वह बाजार में बेच रहा था. जबकि शराब की गुणवत्ता काफी खराब थी. पुलिस उसे गिरफ्तार कर अब इस बात का पता लगाने में जुट गई है कि शराब कहां-कहां भेजी गई है. इस मामले में पुलिस ने एक दर्जन से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
जिसने बनाई शराब वह भी मारा गया
नरेंद्र नाम के युवक ने शराब बनाई थी. पुलिस के मुताबिक, नकली शराब बनाने में कथित महारत के कारण उसे ‘डॉक्टर’ कहा जाता था. यही वजह रही कि शराब बनाने के लिए उसे गुजरात बुलाया गया था. अब तक जांच में सामने आया कि गुजरात में उसने 25 पेटी शराब बनाई थी. इसी खेप को पीने से लोगों की जान गई. अपनी बनाई शराब डॉक्टर ने खुद पी थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई.
इस नेटवर्क में शामिल दूसरे लोगों की तलाश जारी है. जिन खुदरा ग्राहकों को ये बोतलें बेची गई थीं, उन्हें ट्रेस कर उनसे संपर्क किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: धोखाधड़ी मामले में सीएम मोहन यादव का बड़ा एक्शन, कटनी CSP नेहा पच्चीसिया सस्पेंड
