बंगाल में हुमायूं कबीर को बड़ा झटका, Video वायरल होने के बाद ओवैसी ने तोड़ा गठबंधन, अकेले चुनाव लड़ेगी AIMIM
हुमायूं कबीर की पार्टी से ओवैसी ने तोड़ा गठबंधन
Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले टीएमसी से हटाए गए विधायक हुमायूं कबीर की एक वीडियो ने हलचल मचा दी. टीएमसी से निकाले जाने के बाद हुमायूं कबीर ने अपनी नई पार्टी बनाकर चुनाव लड़ने का फैसला लिया. इस दौरान हुमायूं कबीर ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) से गठबंधन कर लिया. ओवैसी के सहारे हुमायूं कबीर सत्ता के सपने देखने लगे, लेकिन इसी दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसने हुमायूं कबीर का पूरा खेल बिगाड़ दिया. वीडियो वायरल होने के बाद ओवैसी ने भी किनारा करने का फैसला लिया है. जानें ओवैसी ने क्या कहा?
ओवैसी की पार्टी (AIMIM) ने हुमायूं कबीर की पार्टी से गठबंधन तोड़ लिया है. यानी ओवैसी की पार्टी अब हुमायूं कबीर के साथ मिलकर चुनाव नहीं लड़ेगी. सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए लिखा, “हुमायूं कबीर के खुलासों ने बंगाल के मुसलमानों की असुरक्षा को उजागर किया है. एआईएमआईएम ऐसे किसी भी बयान का समर्थन नहीं कर सकती, जिससे मुसलमानों की गरिमा पर सवाल उठे. आज से एआईएमआईएम ने कबीर की पार्टी से अपना गठबंधन वापस ले लिया है.”
Humayun Kabir’s revelations have shown how vulnerable Bengal’s Muslims are. That AIMIM cannot associate with any statements where integrity of Muslims is brought into question. As of today, AIMIM has withdrawn its alliance with Kabir’s party. Bengal’s Muslims are one of the…
— AIMIM (@aimim_national) April 10, 2026
किसी पार्टी से गठबंधन नहीं करने का फैसला
आगे लिखा, “बंगाल के मुसलमान सबसे गरीब, उपेक्षित और शोषित समुदायों में से एक हैं. दशकों के धर्मनिरपेक्ष शासन के बावजूद उनके लिए कुछ नहीं किया गया है. किसी भी राज्य में चुनाव लड़ने के संबंध में एआईएमआईएम की नीति यही है कि हाशिए पर पड़े समुदायों को एक स्वतंत्र राजनीतिक आवाज मिले. हम बंगाल चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ेंगे और आगे किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेंगे.”
ये भी पढ़ेंः PM मोदी पर जानलेवा हमले की साजिश रचने के आरोप में 3 युवक गिरफ्तार, बक्सर से CIA को भेजा था मैसेज
1 हजार करोड़ में डील की बात
बता दें, ओवैसी ने हुमायूं कबीर की वीडियो वायरल होने के बाद यह फैसला लिया है. हुमायूं कबीर की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें वे भाजपा से 1,000 करोड़ रुपए की डील करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद टीएमसी ने भी जमकर बोला है. ममता बनर्जी ने सरकार से पूछा कि अब कहां है ईडी? वीडियो वायरल होने के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है. फिलहाल, मतदान से पहले इस वीडियो ने बंगाल में हलचल पैदा कर दी है. हालांकि, अभी तक हुमायूं कबीर की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.