Vistaar NEWS

दिल्ली में दिनभर हाईवोल्टेज ड्रामा! जंतर-मंतर के बाद राजघाट पहुंचा INDIA ब्लॉक का विरोध

rahul

राजघाट पर बैठे तमाम कांग्रेसी नेता

INDIA Bloc Protest: नई दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी है.  INDIA ब्लॉक का प्रदर्शन गुरुवार को तीसरे दिन भी जारी रहा. बुधवार को जंतर-मंतर जाने की कोशिश के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं की हिरासत में लिया गया था. गुरुवार को विपक्ष ने अपनी रणनीति बदली और महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट का रुख किया.

दिन की शुरुआत विपक्षी दलों के बीच आगे की रणनीति को लेकर बैठकों से हुई. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कनॉट प्लेस में INDIA ब्लॉक के सांसदों के लिए लंच बैठक बुलाई. इस बैठक में कांग्रेस के अलावा TMC, वाम दलों और समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि भी पहुंचे. बुधवार को प्रदर्शन से दूरी बनाने वाली समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को अपने दो सांसदों को बैठक में भेजा.

राजघाट पहुंचे व‍िपक्षी नेता

बैठक के बाद विपक्षी सांसद बसों में सवार होकर राजघाट के लिए निकले. राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेता इस मार्च में शामिल रहे. विपक्ष का कहना है कि वह राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के साथ शांतिपूर्ण धरना देकर चुनाव प्रक्रिया और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को उठाएगा. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, RSS प्रमुख मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार ने संविधान को नुकसान पहुंचाया है.

राजघाट पहुंचने से पहले जमकर हुआ बवाल

राजघाट पहुंचने से पहले ही दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी थी. पुलिस ने राजघाट इलाके में BNSS की धारा 163 लागू कर दी थी. बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए. इसके बावजूद विपक्षी नेता और कार्यकर्ता राजघाट की ओर बढ़े.

मल्लिकार्जुन खड़गे ने क्‍या कहा?

राजघाट पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा यह विरोध का तीसरा दिन है. हमने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध किया है और लोगों के मुद्दे उठाए हैं. हम यहां सरकार को सद्बुद्धि मिलने की प्रार्थना करने आए हैं. वोटों की चोरी बंद होनी चाहिए, जिन्होंने गलतियां की हैं उन्हें इस्तीफा देना चाहिए. लोगों का वोट देने का अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए.

राष्ट्रपति मुर्मू से होगी व‍िपक्षी नेताओं की मुलाकात

अब विपक्ष का अगला कदम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात है. INDIA ब्लॉक के 10 नेताओं को शुक्रवार को राष्ट्रपति से मिलने का समय मिला है. प्रतिनिधिमंडल में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी समेत प्रमुख नेता शामिल होंगे.

यानी दिनभर जंतर-मंतर की कोशिश, पुलिस की रोक-टोक, लंच बैठक और फिर राजघाट तक मार्च के बाद मामला अब राष्ट्रपति भवन तक पहुंचने वाला है. विपक्ष साफ कर चुका है कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर उसका आंदोलन फिलहाल थमने वाला नहीं है.

ये भी पढ़ें: जिस मोदी सरकार के खिलाफ अखिलेश ने खोला मोर्चा, उनके उम्मीदवार ही कर कर रहे PM की तारीफ

Exit mobile version