Vistaar NEWS

मां सीता के मायके से सीधे ससुराल तक चलेगी ट्रेन

indian-railways-approves-direct-weekly-train-ayodhya-to-janakpur-dham-nepal

नई दिल्ली. त्रेतायुग में जो रिश्ता जनकपुर और अयोध्या के बीच बारात और डोली के रूप में जुड़ा था, कलयुग में अब भारतीय रेलवे उसे लोहे की पटरियों पर और भी मजबूत करने जा रहा है. भारत-नेपाल के सदियों पुराने ‘रोटी-बेटी’ के संबंधों को नई रफ्तार देते हुए भारतीय रेलवे ने नेपाल के जनकपुर धाम (माता सीता की जन्मस्थली) और उत्तर प्रदेश के अयोध्या (प्रभु श्रीराम की जन्मस्थली) के बीच सीधी साप्ताहिक ट्रेन सेवा को हरी झंडी दे दी है.

सिर्फ सफर नहीं, रामायण सर्किट का ‘गोल्डन कॉरिडोर’

यह ट्रेन महज दो स्टेशनों को जोड़ने वाला माध्यम नहीं, बल्कि भारत और नेपाल की साझा विरासत का एक चलता-फिरता सेतु होगी. लगभग 604 किलोमीटर का यह सफर उन लाखों श्रद्धालुओं के सपने को पूरा करेगा, जो एक ही यात्रा में माता जानकी के मायके और ससुराल के दर्शन करना चाहते हैं.

क्या है इस खास सफर का पूरा खाका?

जनकपुर धाम से चलकर अयोध्या कैंट तक जाने वाली यह ट्रेन बिहार और उत्तर प्रदेश के कई ऐतिहासिक और सांस्कृतिक केंद्रों से गुजरेगी. इसके प्रमुख स्टॉपेज जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम होंगे.

कब चलेगी ट्रेन

यह सेवा साप्ताहिक होगी. हर शनिवार को यह जनकपुर धाम से रवाना होगी और सोमवार को अयोध्या कैंट से वापसी करेगी.

तीर्थयात्रा के साथ ‘लोकल इकोनॉमी’ को भी संजीवनी

इस रेल सेवा के शुरू होने से न केवल धार्मिक पर्यटन को पंख लगेंगे, बल्कि सीमावर्ती इलाकों की अर्थव्यवस्था भी चमकेगी.

मधुबनी से अवध तक व्यापार

 मिथिलांचल (मधुबनी, सीतामढ़ी) के पारंपरिक कारीगरों, स्थानीय व्यापारियों और होटल व्यवसायियों के लिए यह ट्रेन रोजगार के नए द्वार खोलेगी.

Exit mobile version