Vistaar NEWS

हरियाणा में श्रीनगर जा रही बस पर पथराव! उमर अब्दुल्ला ने CM सैनी से की एक्‍शन की मांग

jammu kashmir (1) (1)

कश्‍मीर जा रही बस पर पत्‍थरबाजी

Jammu Kashmir: जम्मू-कश्मीर जा रही एक निजी स्लीपर बस पर हरियाणा में पथराव की घटना सामने आई है. कुरुक्षेत्र के पास हुई इस घटना में बस की खिड़कियों के शीशे टूट गए. कांच लगने से एक बुजुर्ग यात्री घायल हो गया. घटना को लेकर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने नाराजगी जताई है. उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राज्य पुलिस से आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है.

उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना की जानकारी साझा करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि दिल्ली से श्रीनगर जा रही कश्मीर की बस को निशाना बनाया गया. जम्मू-कश्मीर सरकार प्रभावित यात्रियों के साथ खड़ी है और पूरे मामले पर नजर रख रही है. मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि हरियाणा सरकार इस मामले में उचित कदम उठाएगी.

ढाबे की पार्किंग में शुरू हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, घटना शनिवार रात करीब 10:30 बजे की है. दिल्ली से श्रीनगर जा रही निजी स्लीपर बस नीलोखेड़ी के बुटाना थाना क्षेत्र में स्थित डिवाइन स्टार ढाबे पर रुकी थी. इस दौरान पार्किंग में बस के एक यात्री और कार में सवार दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई.

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. आरोप है कि कार सवार युवकों ने पास में पड़े ईंट-पत्थरों से बस पर हमला कर दिया. पथराव के कारण बस की खिड़कियों के शीशे टूट गए. इस दौरान कांच के टुकड़े लगने से एक बुजुर्ग यात्री को चोट आई. पुलिस के अनुसार, घायल को मामूली चोटें आई हैं.

नेशनल कॉन्फ्रेंस ने उठाए सवाल

दूसरी ओर, नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रवक्ता इमरान नबी डार ने घटना पर चिंता जताते हुए इसे नफरत से प्रेरित अपराध जैसा बताया. उन्होंने सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर सवाल उठाए.

फिलहाल घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. जहां उमर अब्दुल्ला ने यात्रियों की सुरक्षा और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है, वहीं हरियाणा पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला व्यक्तिगत विवाद का है.

ये भी पढ़ें:गोवा में CJP के प्रदर्शन पर बवाल! हिंदुत्व मुर्दाबाद के नारे लगाने के आरोप में 300 लोगों पर FIR

Exit mobile version