Jantar Mantar Delhi: दिल्ली के जंतर-मंतर इलाके में लंबे समय से लगी पाबंदियां अब हटने लगी हैं. दिल्ली पुलिस ने यहां सड़क पर लगाए गए बैरिकेड्स हटा दिए हैं. लंबे समय से सुरक्षा व्यवस्था और प्रदर्शन से जुड़ी बंदिशों के कारण इस इलाके में लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी. अब बैरिकेड्स हटने के बाद जंतर-मंतर रोड पर आवाजाही आसान हो सकेगी.
दरअसल, दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को आधिकारिक प्रदर्शन स्थल की सूची से बाहर कर दिया है. पुलिस आयुक्त के आदेश के बाद यह फैसला लागू किया गया. इसके साथ ही यहां प्रदर्शन करने की पुरानी व्यवस्था भी समाप्त हो गई.
क्यों लिया गया इस तरह का फैसला
इस फैसले के पीछे यातायात और सुरक्षा से जुड़ी कई वजहें बताई गई हैं. दिल्ली पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अपने जवाब में कहा है कि जंतर-मंतर पर हर साल करीब 1300 से अधिक प्रदर्शन होते हैं. जबकि, इस जगह पर लगभग 1500 लोगों के जुटने की ही क्षमता है. कई बार प्रदर्शनकारियों की संख्या इससे ज्यादा हो जाती है. ऐसे में भीड़ को संभालना और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक सामान्य रखना मुश्किल हो जाता है.
पुलिस के मुताबिक, बड़े प्रदर्शनों का असर जनपथ और कनॉट प्लेस जैसे व्यस्त इलाकों पर भी पड़ता है. इसके अलावा एंबुलेंस और दमकल जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी रास्ता मिलने में परेशानी होती है. स्थानीय लोगों ने भी रास्तों पर लगने वाली पाबंदियों को लेकर शिकायत की थी.
तीन जगहों पर होंगे प्रदर्शन
जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाने के बाद दिल्ली पुलिस ने तीन वैकल्पिक जगहें तय की हैं. इनमें मध्य दिल्ली का रामलीला मैदान, उत्तर-पश्चिम दिल्ली का बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली का CBD ग्राउंड शामिल हैं. अब संगठनों को इन जगहों पर प्रदर्शन की अनुमति के लिए आवेदन करना होगा.
दिल्ली पुलिस का कहना है कि यह फैसला गृह मंत्रालय की समिति की सिफारिशों और मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखकर लिया गया. फिलहाल बैरिकेड्स हटने से जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सामान्य आवाजाही बहाल होने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: CJP की रत्ना सिंह की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, जज के खिलाफ टिप्पणी मामले में अवमानना की तैयारी
