Bihar News: बिहार बंद के दौरान पूरे प्रदेश में प्रदर्शन देखने को मिला. इस दौरान सिवान जिले में प्रदर्शन उग्र हो गया. उग्र प्रदर्शन के बीच स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) में तैनात पुलिसकर्मी अभिषेक पटेल ने AK-47 से फायरिंग कर दी. हालांकि पुलिस जवान ने किन परिस्थितियों में गोली चलाई. अभी यह साफ नहीं हो पाया है. लेकिन गोली चलाने वाले जवान अभिषेक पटेल को पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है.
दरअसल, पूरे बिहार में प्रदेश बंद का आह्वान किया गया था. इस दौरान कई जिलों में पुलिस से झड़प और तोड़फोड़ की खबरें आईं. लेकिन सीवान में तो बिहार बंद के दौरान हुए प्रदर्शन में पुलिस और प्रदर्शनकारियों की आपस में भिड़ंत हो गई. इस दौरान लाठीचार्ज भी हुआ, फिर भी छात्र पीछे नहीं हटे और भीड़ उग्र हो गई. छात्रों को उग्र होते देख एक जवान ने अपनी AK-47 से गोली बरसा दी. इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में जवान को सस्पेंड करना पड़ा.
जवान के खिलाफ विभागीय जांच शुरू
फिलहाल, जवान को सस्पेंड करने के बाद विभागीय अधिकारी जांच में जुट गए हैं, कि आखिर जवान ने किसके कहने पर गोली चलाई या फिर ऐसी क्या परिस्थिति बनी कि फायरिंग करना पड़ा. इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि फायरिंग नियमों के तहत हुई या नहीं. सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ेंः संसद मार्च के दौरान RAF जवान ने चलाई पेलेट गन! CRPF कर रही असेसमेंट रिपोर्ट तैयार
प्रदेश में 21 एफआईआर दर्ज
बता दें, बिहार बंद के दौरान पटना समेत प्रदेश के कई जिलों में कुल 21 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं. इसके साथ ही करीब 500 लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है. सीवान की अगर बात करें, तो यहां 25 लोगों की गिरफ्तारी हुई है. अभी भी पुलिस अधिकारी सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया पर वायरल फोटो-वीडियो के आधार पर जांच कर रही हैं. अधिकारियों का साफ कहना है कि इस मामले में किसी को भी बक्शा नहीं जाएगा.
