कांग्रेस का एहसान भूले शरद पवार? परिसीमन पर बीजेपी के साथ खड़े होने से मचा घमासान
राहुल गांधी- शरद पवार- सुप्रिया सुले
Sharad Pawar Delimitation Bill: विपक्षी गठबंधन INDIA में परिसीमन बिल को लेकर मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार की पार्टी ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल का समर्थन करने का ऐलान किया है. इस फैसले से कांग्रेस नाराज हो गई है. महाराष्ट्र कांग्रेस ने तो शरद पवार को राज्यसभा पहुंचाने में की गई मदद तक याद दिला दी. पार्टी ने सवाल उठाया कि जिस कांग्रेस ने मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया, अब वही पवार बीजेपी सरकार के प्रस्ताव का समर्थन कैसे कर रहे हैं?
दरअसल, NCP (SP) के वरिष्ठ नेता और विधायक जितेंद्र आव्हाड ने शुक्रवार को शरद पवार से मुलाकात के बाद पार्टी का रुख साफ किया. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी परिसीमन बिल का समर्थन करेगी. हालांकि, इसके लिए शर्त रखी गई है कि लोकसभा की सीटों में सभी राज्यों के लिए समान रूप से 50 फीसदी बढ़ोतरी होनी चाहिए. पार्टी का मानना है कि परिसीमन की प्रक्रिया किसी न किसी समय होनी ही है.
इस प्रस्ताव के तहत लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने और राज्यों के बीच मौजूदा हिस्सेदारी को 2051 तक बनाए रखने की बात कही गई है. NCP (SP) का कहना है कि वह बिल के प्रावधानों को समझने के बाद आगे की संसदीय रणनीति तय करेगी. पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले भी पहले ऐसी ही शर्त के साथ समर्थन के संकेत दे चुकी हैं.
कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव का दिलाया पुराना हिसाब
महाराष्ट्र कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि मार्च 2026 में जब शरद पवार को 85 साल की उम्र में दोबारा राज्यसभा भेजने की बात आई थी, तब कांग्रेस ने उनका पूरा साथ दिया था. उस समय NCP (SP) के पास सिर्फ 10 विधायक थे, जबकि राज्यसभा सीट जीतने के लिए 36 वोटों की जरूरत थी. कांग्रेस के पास 16 और उद्धव ठाकरे की शिवसेना के पास 20 विधायक थे.
कांग्रेस का दावा है कि शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने खुद पार्टी के बड़े नेताओं से समर्थन मांगा था. इसके बाद राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपनी पार्टी का दावा छोड़कर पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया था. अब कांग्रेस इसी बात को उठाकर NCP (SP) के फैसले पर सवाल खड़े कर रही है.
INDIA गठबंधन की एकजुटता पर सवाल
दूसरी तरफ कांग्रेस परिसीमन बिल का विरोध करने के अपने फैसले पर कायम है. पार्टी का कहना है कि लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या और राज्यों के बीच उनका अनुपात अगले 25 साल तक बरकरार रहना चाहिए. कांग्रेस चाहती है कि महिला आरक्षण भी मौजूदा सीटों के आधार पर लागू किया जाए.
इस मुद्दे पर 28 नवंबर को INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक भी होनी है, जिसमें संसद में सरकार के प्रस्ताव का मुकाबला करने की रणनीति बनाई जाएगी. ऐसे में शरद पवार की पार्टी का अलग रुख विपक्षी एकता के लिए नई चुनौती बन सकता है.



