JPSC protest: झारखंड की राजधानी रांची में JPSC और JSSC परीक्षाओं को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन हर दिन तेज होता जा रहा है. इन सब के बीच डुमरी विधायक और JLKM प्रमुख जयराम महतो ने अपना समर्थन दिया है. रविवार को वह पुराने विधानसभा परिसर में छात्रों की मांगों के समर्थन में एक दिन के निर्जला उपवास पर बैठे. उन्होंने सरकार से अपील की कि लंबे समय से आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द समाधान निकाला जाए.
जयराम महतो ने कहा कि छात्रों का आंदोलन काफी समय से जारी है. अब सरकार को इस मामले में ठोस पहल करनी चाहिए. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि 10 अगस्त को छात्र विधानसभा मार्च करते हैं तो वह खुद उसमें शामिल होंगे. उनकी पार्टी ने भी इस मार्च को समर्थन देने की घोषणा की है.
आज फिर होगी सरकार से बातचीत
इधर, सरकार और आंदोलनरत छात्रों के बीच बातचीत का तीसरा दौर रविवार दोपहर प्रस्तावित है।. इस बैठक में सरकार की ओर से चार मंत्री छात्रों के प्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे. छात्रों की तरफ से सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल वार्ता में शामिल होगा. अभ्यर्थियों का कहना है कि उनकी प्रमुख मांगों में 14वीं JPSC परीक्षा और JSSC CGL परीक्षा को रद्द करना तथा पूरे मामले की जांच कराना शामिल है.
17 दिन से चल रहा आंदोलन
आंदोलन अब 17वें दिन में पहुंच चुका है. छात्रों ने साफ संकेत दिया है कि यदि सरकार की ओर से उनकी मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं आता है, तो 10 अगस्त को विधानसभा का जोरदार घेराव किया जाएगा.
वहीं, आंदोलन के दौरान अनशन कर रहे देवेंद्रनाथ महतो की तबीयत भी बिगड़ने की खबर है. उन्हें डॉक्टरों निगरानी में रखा गया है और सलाईन के जरिए इलाज किया जा रहा है.
ऐसे में तीसरे दौर की सरकार-छात्र वार्ता को काफी अहम माना जा रहा है. अब सभी की नजर इस बात पर है कि बातचीत से कोई समाधान निकलता है या आंदोलन आगे और तेज होता है.
ये भी पढ़ें:मोदी से मुलाकात के बाद बदला सुखबीर बादल का सुर, क्या फिर साथ आएंगे बीजेपी-अकाली दल?
