JW Marriott Mumbai: मुंबई की लग्जरी होटल JW मैरियट में मशहूर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ.अशोक सेठ डिनर करने पहुंचे थे. जैसे ही वह अपनी डिनर टेबल पहुंचे. वहां एक कॉकरोच आ पहुंचा. डॉक्टर ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया. इसके साथ ही उन्होंने कॉकरोच को ‘रोची’ नाम दिया और महाराष्ट्र के FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे को भी टैग कर दिया.
डॉ. सेठ ने लिखा कि डिनर के दौरान ‘रोची’ नाम का एक छोटा कॉकरोच उनकी टेबल पर पहुंच गया था. उन्होंने मजाक करते हुए कहा कि शायद वह पास्ता नहीं बल्कि पिज्जा खाने आया था, लेकिन इस बिन बुलाए मेहमान ने उनकी भूख जरूर खत्म कर दी. उन्होंने बताया कि कॉकरोच को वहां से हटाने की कोशिश की गई, लेकिन वह नहीं हटा. इसके बाद डॉक्टर और उनके साथ मौजूद लोग वहां से चले गए.
FDA कमिश्नर को किया टैग
डॉ. सेठ ने अपनी पोस्ट में महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) कमिश्नर तुकाराम मुंडे, FSSAI और JW मैरियट को टैग किया. उन्होंने लिखा कि अच्छी बात यह है कि वे तुकाराम मुंडे के अधिकार क्षेत्र में हैं. उम्मीद है कि इस मामले को भी देखा जाएगा. हालांकि, होटल की ओर से इस मामले पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
तुकाराम मुंडे के नेतृत्व में FDA की कार्रवाई
तुकाराम मुंडे ने मई में महाराष्ट्र FDA कमिश्नर का पद संभाला था. इसके बाद राज्य में खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई के नियमों को लेकर कार्रवाई तेज की गई है. FDA की टीमों ने होटल, रेस्टोरेंट, फूड मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, स्ट्रीट वेंडर्स और बड़ी फूड चेन समेत कई जगहों पर निरीक्षण और कार्रवाई की है.
पहले भी कई जगहों पर हो चुकी कार्रवाई
मुंबई के कुछ चर्चित रेस्टोरेंट और फूड आउटलेट्स भी FDA की जांच के दायरे में रहे हैं. इनमें कोलाबा का Cafe Mondegar और Olympia Coffee House शामिल हैं. FDA ने क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन, ISKCON के Govinda’s और IRCTC की बेस किचन जैसी जगहों के फूड ऑपरेशन्स का भी निरीक्षण किया है.
ये भी पढ़ें:‘प्लीज भैया, छोड़ दीजिए…’, जमुई में छात्रा से सड़क पर बदसलूकी का VIDEO वायरल, कई युवकों ने घेरा
