Vistaar NEWS

NEET पेपर लीक विरोध प्रदर्शन पर विवादित टिप्पणी, हिरासत में लिए गए संघ विचारक टीजी मोहनदास

टीजी मोहनदास

टीजी मोहनदास

TG Mohandas RSS: देश की राजधानी दिल्ली में प‍िछले द‍िनों नीट से जुड़े मामले को लेकर छात्रों प्रदर्शन हुआ था. इसी को लेकर कथित विवादित टिप्पणी के मामले में राजनीतिक टिप्पणीकार टीजी मोहनदास को केरल पुलिस ने हिरासत में लिया है. पुलिस की साइबर टीम ने कोच्चि स्थित उनके आवास से उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया.

मामला उनके यूट्यूब चैनल पर प्रसारित एक वीडियो से जुड़ा बताया जा रहा है. शिकायत के अनुसार, वीडियो में छात्र आंदोलन और उसमें शामिल लोगों को लेकर ऐसी टिप्पणियां की गई थीं, जिन्हें आपत्तिजनक माना गया. इसके बाद तिरुवनंतपुरम साइबर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.

वीडियो में प्रदर्शन को लेकर की गई टिप्पणी

पुलिस के मुताबिक, वीडियो में दिल्ली में चल रहे छात्र प्रदर्शन के संदर्भ में महिलाओं और कानून-व्यवस्था को लेकर विवादित बातें कही गई थीं. बयान सामने आने के बाद इसे लेकर शिकायत दर्ज कराई गई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.

मोहनदास पर आरोप है कि उन्होंने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जरूरत संबंधी बातें भी वीडियो में कही थीं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो में कही गई बातों का पूरा संदर्भ क्या था? इसके साथ ही क्या उनसे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति पैदा हो सकती थी.

डिजिटल सामग्री की भी जांच

जांच के दौरान पुलिस वीडियो से जुड़ी डिजिटल सामग्री और उसे तैयार करने तथा प्रसारित करने में इस्तेमाल किए गए उपकरणों की भी पड़ताल कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया तय की जाएगी.

अपनी सफाई में क्‍या बोले मोहनदास

मोहनदास की ओर से बाद में अपने बयान को लेकर सफाई भी दी गई थी. उनका कहना था कि उनकी बातों को सही संदर्भ में नहीं समझा गया. भाषा के अंतर के कारण उनके कथन का अर्थ अलग तरीके से सामने आया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मामले में आगे किस तरह की कार्रवाई की जाती है.

ये भी पढ़ें:झारखंड विधानसभा घेराव को लेकर छात्र तैयार! शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

Exit mobile version