झारखंड विधानसभा घेराव को लेकर छात्र तैयार! शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
रांची में छात्रों का हल्लाबोल
Jharkhand Assembly Gherao: झारखंड की राजधानी रांची में सरकारी भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है. JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर छात्र कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं. सोमवार, 10 अगस्त को आंदोलन के 17वें दिन छात्रों ने झारखंड विधानसभा के घेराव का ऐलान किया है.
विधानसभा मार्च से पहले प्रदर्शनकारी छात्रों ने अपने साथियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है. इसमें साफ तौर पर कहा गया है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस या किसी भी सुरक्षा बल के साथ टकराव की स्थिति पैदा न होने दी जाए. छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने और किसी भी तरह की हिंसा या हंगामे से दूर रहने की अपील की गई है.
ट्रैफिक और आम लोगों को परेशानी न हो
छात्र संगठनों ने प्रदर्शन में शामिल होने वालों से यह भी कहा है कि विधानसभा की तरफ बढ़ते समय सड़क और यातायात को बाधित न किया जाए. आम लोगों और राहगीरों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखने को कहा गया है.
अगर कोई प्रदर्शनकारी जानबूझकर पुलिस से भिड़ने या हंगामा करने की कोशिश करता है, तो दूसरे छात्र उसका समर्थन न करें. किसी अप्रिय या अराजक स्थिति की जानकारी पुलिस को देने और संयम बनाए रखने की अपील की गई है. इसके साथ ही छात्रों को अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी गई है.
बातचीत के बावजूद नहीं निकला रास्ता
छात्रों के आंदोलन के बीच सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है. सरकार की ओर से कुछ मांगों पर सहमति जताने और समाधान की कोशिश की गई है. लेकिन, JSSC CGL परीक्षा तथा उससे जुड़ी नियुक्तियों जैसे अहम मुद्दों पर अभी भी गतिरोध बना हुआ है.
सरकार का कहना है कि छात्रों की अधिकांश मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की गई है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी छात्रों को पत्र लिखकर भरोसा दिलाने की कोशिश की है. सरकार केअनुसार करीब 98 प्रतिशत मांगों पर काम किया जा चुका है. छात्र इस दावे से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं और कुछ प्रमुख मुद्दों पर ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
विधानसभा घेराव को लेकर प्रशासन सतर्क
छात्रों के प्रस्तावित विधानसभा घेराव को देखते हुए विधानसभा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है.इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू किए गए हैं.ऐसे में आज का प्रदर्शन छात्रों और प्रशासन, दोनों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें:CWG 2026 के विजेताओं से मिले PM मोदी, बोले- जो खेलेगा वो खिलेगा