Khesari Lal yadav Ravi kishan: भोजपुरी सिनेमा के दो बड़े सितारे खेसारी लाल यादव और रवि किशन के बीच चल रही बयानबाजी एक बार फिर चर्चा में आ गई है. हाल ही में खेसारी लाल यादव ने रवि किशन के उस तंज का जवाब दिया,जिसमें उन्होंने इशारों-इशारों में कहा था कि कुछ लोग पहले पैर छूकर सम्मान जताते थे, लेकिन अब सिर्फ घुटनों तक हाथ लगाते हैं.
एक इंटरव्यू में खेसारी ने कहा कि असली बड़े लोग कभी किसी से अपने पैर छूने की अपेक्षा नहीं रखते हैं. उनके मुताबिक सम्मान दिल से होता है, दिखावे से सम्मान नहीं होता है. उन्होंने कहा कि वह आज भी अपने पिता का आशीर्वाद लेते हैं और यही संस्कार उन्हें परिवार से मिले हैं.
खेसारी लाल ने क्या-क्या कहा?
खेसारी ने बिना नाम लिए रवि किशन के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि यदि किसी को लगता है कि सम्मान जताने का तरीका दंडवत प्रणाम करना है, तो फिर उसे अपने सभी वरिष्ठों के सामने भी वैसा ही करना चाहिए. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बड़े नेताओं और दिग्गज हस्तियों के सामने भी वही परंपरा निभानी चाहिए.
जब उनसे पूछा गया कि रवि किशन उन्हें लेकर लगातार टिप्पणी क्यों करते हैं, तो खेसारी ने कहा कि उन्हें किसी खास व्यक्ति के प्यार या समर्थन की जरूरत नहीं है.उनके अनुसार जनता ने उन्हें जो सम्मान और पहचान दी है, वही उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है.उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी व्यक्ति भगवान नहीं होता, सभी इंसान हैं और सम्मान दोनों तरफ से होना चाहिए.
कब का है पूरा विवाद
दरअसल यह विवाद उस समय शुरू हुआ था जब एक मंचीय कार्यक्रम में रवि किशन ने बिना नाम लिए एक कलाकार पर कटाक्ष किया था. इसके बाद खेसारी ने भी सार्वजनिक मंच से जवाब दिया और कहा कि सम्मान करना उनके संस्कारों में शामिल है, लेकिन कोई उनके पिता बनने की कोशिश न करे. तभी से दोनों सितारों के बीच जुबानी जंग लगातार सुर्खियां बटोर रही है.
ये भी पढ़ें:पश्चिम बंगाल में सुवेंदु कैबिनेट का विस्तार, 35 मंत्रियों ने ली शपथ, देख लीजिए नए मिनिस्टर्स की लिस्ट
