BJP TMC Clash Over Ad: पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा से पहले मां दुर्गा की एक तस्वीर को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है. राज्य सरकार की तरफ से जारी एक एडवर्टाइजमेंट में मां दुर्गा को 11 भुजाओं के साथ दिखाया गया है. आमतौर पर मां दुर्गा की दशभुजा यानी 10 भुजाओं वाले स्वरूप में पूजा की जाती है. ऐसे में तस्वीर में एक अतिरिक्त हाथ नजर आने के बाद विपक्षी दलों ने सरकार पर सवाल उठाए हैं.
दरअसल, पश्चिम बंगाल के सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग ने सोमवार को यह विज्ञापन जारी किया था. इसमें आगामी दुर्गा पूजा को लेकर पूजा समितियों के साथ होने वाली बैठक की जानकारी दी गई थी. बैठक मिलन मेला में प्रस्तावित है और इसमें मुख्यमंत्री के शामिल होने की संभावना भी जताई गई है. एडवर्टाइजमेंट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तस्वीर को लेकर चर्चा शुरू हो गई.
कुणाल घोष ने सरकार पर साधा निशाना
टीएमसी विधायक कुणाल घोष ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब मां दुर्गा को पारंपरिक तौर पर 10 भुजाओं वाले स्वरूप में दिखाया जाता है तो सरकारी विज्ञापन में 11 भुजाओं वाली तस्वीर क्यों इस्तेमाल की गई. उन्होंने यह भी पूछा कि इस स्वरूप का आधार आखिर कौन सा शास्त्र है.
सीपीएम नेता शतरूप घोष ने भी इस मामले में बीजेपी सरकार पर तंज कसा है. उन्होंने कहा कि देवी दुर्गा को असुर का वध करने के लिए अलग-अलग देवताओं से हथियार मिले थे. अब सरकार ने उनके हाथों की संख्या ही बढ़ा दी.
बीजेपी ने क्या जवाब दिया?
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने विवाद पर अलग अंदाज में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मां दुर्गा अब और शक्तिशाली हो गई हैं. हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने विज्ञापन अभी देखा नहीं है. उनके मुताबिक अगर तस्वीर किसी एजेंसी की गलती से बनी है तो उसे सुधारा जा सकता है. इसे राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए.
ये भी पढ़ें:‘ऑपरेशन टाइगर’ एक्टिव? पहले सांसद, अब 14 विधायक! उद्धव गुट में फिर बगावत की आहट
