Vistaar NEWS

महाराष्ट्र में RSS के जुलूस पर बवाल! मस्जिद के सामने विरोध के बाद पथराव पुलिस ने किया लाठीचार्ज

Maharashtra news (1)

पुल‍िस ने किया लाठीचार्ज

Maharashtra News: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पथ संचलन को लेकर विवाद खड़ा हो गया. यावल तालुका के किंगांव में दशहरे के अवसर पर निकाले जाने वाले जुलूस के रास्ते पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई. मामला उस समय बढ़ गया, जब एक धार्मिक स्थल के सामने कुछ महिलाएं सड़क पर बैठकर विरोध करने लगीं. इसके बाद इलाके में पथराव हुआ और स्थिति संभालने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा.

किंगांव में दशहरे के मौके पर RSS की ओर से पथ संचलन की तैयारी की गई थी. जुलूस के निर्धारित रास्ते में एक धार्मिक स्थल के सामने से गुजरने को लेकर विरोध शुरू हो गया. विरोध कर रहे लोगों ने इस मार्ग पर जुलूस निकालने पर आपत्ति जताई. इसी दौरान कुछ महिलाएं सड़क पर बैठ गईं, जिससे मौके पर तनाव बढ़ने लगा.

पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ. कुछ देर बाद पथराव की घटना सामने आई. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को हटाने और स्थिति पर काबू पाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया.

वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की जानकारी मिलते ही जलगांव के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे, अपर पुलिस अधीक्षक संदीप गावित और विभागीय पुलिस अधिकारी अनिल बडगुजर ने स्थिति का जायजा लिया. इसके अलावा भुसावल, यावल और रावेर से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, ताकि इलाके में शांति बनाए रखी जा सके.

पुल‍िस ने क्‍या कहा?

जलगांव के पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे के मुताबिक, पथ संचलन को पुलिस की अनुमति मिली हुई थी. विरोध कर रहे लोगों को समझाने के लिए करीब दो से ढाई घंटे तक प्रयास किए गए. इसके बावजूद स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा. उन्होंने बताया कि बाद में पुलिस की मौजूदगी में पथ संचलन पूरा कराया गया. कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है. घटना के बाद किंगांव में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है.

ये भी पढ़ें:राफेल की रफ्तार, सुखोई का दम और गंगा का आसमान… बनारस में PM मोदी के सामने वायु सेना का शक्ति प्रदर्शन

Exit mobile version