राफेल की रफ्तार, सुखोई का दम और गंगा का आसमान… बनारस में PM मोदी के सामने वायु सेना का शक्ति प्रदर्शन

Varanasi air show: उत्तर प्रदेश के बनारस में वायुसेना का एयर शो हुआ. इस कार्यक्रम पीएम मोदी और सीएम योगी भी शामिल हुए. गंगा के आसमान में लोगों ने राफेल की रफ्तार, सुखोई का दम देखा.
air show

एयर शो में शामिल हुए पीएम मोदी

Varanasi Air Show: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आज यानी कि रविवार, 25 अक्टूबर को इंडियन एयरफोर्स का एयर शो आयोजित किया गया. ‘विंग्स ओवर गंगा’ ने आसमान में शानदार नजारा पेश किया, जिसे देखकर हर कोई खुशी से झूम उठा. इस कार्यक्रम में खुद पीएम मोदी और सीएम योगी भी शामिल हुए.

भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस प्रदर्शन में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और स्वदेशी तेजस जैसे लड़ाकू विमानों की ताकत देखने को मिली. गंगा के ऊपर विमानों की गर्जना और उनकी शानदार उड़ानों ने काशी के इस आयोजन को खास बना दिया.

नमो घाट पर जुटे लोग

नमो घाट पर आयोजित इस कार्यक्रम में वायुसेना के कई आधुनिक विमानों और हेलीकॉप्टरों ने हिस्सा लिया. राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और तेजस के अलावा प्रचंड लड़ाकू हेलीकॉप्टर भी प्रदर्शन का हिस्सा रहे.  भारतीय सेना और नौसेना के विमानों की भागीदारी ने संयुक्त सैन्य क्षमता का मैसेज दिया.

इस आयोजन को देखने के लिए गंगा के घाटों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. इससे पहले 22 और 24 अक्टूबर को भी एयर शो आयोजित किया गया था. र आसमान में विमानों की तेज रफ्तार, एक साथ उड़ान भरने और सटीक करतब दिखाने ने लोगों को रोमांचित किया.

पीएम मोदी के दौरे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

प्रधानमंत्री मोदी के वाराणसी दौरे को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई. नमो घाट, प्रमुख घाटों और वीआईपी मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई. निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन की भी मदद ली गई. कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेता शामिल हुए.

पीएम ने किया कपड़ा मिल का उद्घाटन

एयर शो से पहले प्रधानमंत्री ने वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की नई कपड़ा निर्माण इकाई का उद्घाटन भी किया. इस परियोजना से खासकर महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने की उम्मीद है.

‘विंग्स ओवर गंगा’ के जरिए काशी की सांस्कृतिक पहचान और भारत की आधुनिक सैन्य क्षमता एक साथ नजर आई. गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों का प्रदर्शन वायुसेना की तैयारी, तकनीकी दक्षता और टीमवर्क को सामने लाने वाला आयोजन रहा. 

ये भी पढ़ें:‘200 सीट हक है हमारा…’, लखनऊ में लगे कांग्रेस के पोस्टरों से बढ़ेगी अखिलेश की परेशानी?

ज़रूर पढ़ें