Mangaluru KFC Bad Chicken News: कर्नाटक के मंगलुरु में KFC के एक आउटलेट पर चिकन को लेकर विवाद खड़ा हो गया. मामला उस समय सामने आया जब एक कस्टमर ने ऑनलाइन ऑर्डर किए गए चिकन की शिकायत की.उसने आरोप लगाया कि पेरी-पेरी लेग्स खराब और बदबूदार थे. कस्टमर की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी आउटलेट पर जांच के लिए पहुंचे.
अधिकारियों ने रेस्टोरेंट की रसोई, स्टोर रूम, कोल्ड स्टोरेज और डीप फ्रीजर की जांच की. जांच के दौरान चिकन के कुछ नमूने लिए गए और उन्हें लैब में जांच के लिए भेज दिया गया.
अधिकारियों ने आउटलेट को अपना मौजूदा चिकन स्टॉक हटाने और कोल्ड स्टोरेज की सफाई करने का निर्देश भी दिया. लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
KFC की सफाई भी आई सामने
पूरे मामले के बाद KFC ने सोमवार को अपनी सफाई दी है. कंपनी ने कहा कि सोशल मीडिया और दूसरी जगहों पर जो जानकारी फैल रही है, वह पूरी तरह से सच नहीं है.
KFC का कहना है कि वह देशभर में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के नियमों का पालन करती है. इसके अलावा उन्होंने बताया कि चिकन भी हम लोग अच्छे सप्लायर्स से लेते हैं. कंपनी ने यह भी कहा कि उसके रेस्टोरेंट में चिकन रोजाना स्टोर में तैयार किया जाता है. उसकी गुणवत्ता की कई स्तरों पर जांच होती है.
लैब रिपोर्ट आने बाद होगा कोई फैसला
कंपनी ने यह भी बताया कि वह अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है. ग्राहकों को रेस्टोरेंट की किचन प्रक्रिया समझने के लिए मैनेजर से जानकारी लेने की बात भी कही गई है.
यानी फिलहाल ग्राहक की शिकायत और सरकारी जांच एक तरफ है. जबकि KFC खराब चिकन पर लगे आरोपों से इनकार कर रही है. अंतिम तस्वीर लैब रिपोर्ट और अधिकारियों की आगे की कार्रवाई के बाद ही साफ होगी.
ये भी पढ़ें:खान सर के अस्पताल पर लग सकता है ताला? 3 महीने बाद भी नहीं सुधरे हालात, अब H1 नोटिस की तैयारी
