Vistaar NEWS

MLC चुनाव में नागपुर सीट जीती कांग्रेस, फडणवीस के Deleted पोस्ट पर कसा तंज

cm Devendra Fadnavis

सीएम फडणवीस

MLC Election Results 2026: महाराष्ट्र के नागपुर में विधान परिषद चुनाव के नतीजे ने सियासी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया. जिस नागपुर को भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता है, वहां कांग्रेस ने लगातार दूसरी बार जीत हासिल कर अपनी ताकत दिखाई है. नतीजे आने के बाद कांग्रेस ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधा है.  दावा किया कि उन्होंने चुनाव का पूरा परिणाम आने से पहले किया गया एक सोशल मीडिया पोस्ट बाद में डिलीट कर दिया.

कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि फडणवीस ने जीत का फैसला होने से पहले ही अपनी बात रख दी. लेकिन, आखिर में बाजी कांग्रेस के हाथ लग गई. पार्टी के मुताबिक, फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पोस्ट साझा करते हुए कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन पर कटाक्ष किया था. इस पोस्ट में लिखा गया था कि कांग्रेस कम से कम एक मामले में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है और वह है शून्य सीटें जीतना.

प्रधानमंत्री मोदी ने भी किया था पोस्ट

प्रधानमंत्री मोदी ने चार राज्यों में बैलेट पेपर से हुए 28 विधान परिषद सीटों के चुनाव का जिक्र करते हुए पूछा था कि कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं. उस समय तक पार्टी को कोई सीट नहीं मिली थी. हालांकि, बाद में नागपुर में कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत वंजारी की जीत ने तस्वीर बदल दी. इसी को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर पलटवार किया है.  

40 घंटे की गिनती, आखिरी दौर में पलटी बाजी

नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था. मतगणना 27 अक्टूबर को शुरू हुई और 29 अक्टूबर की सुबह नतीजा सामने आया. 40 घंटे से ज्यादा चली गिनती में शुरुआत में भाजपा उम्मीदवार सुधाकर कोहले आगे थे. पहली वरीयता के वोटों में उन्हें 60,924, जबकि अभिजीत वंजारी को 56,630 वोट मिले. निर्दलीय उम्मीदवार नितेश कराले को 24,249 वोट हासिल हुए.

किसी भी उम्मीदवार को जीत के लिए जरूरी मत नहीं मिलने पर दूसरी वरीयता के वोट गिने गए. यहीं से मुकाबले का रुख बदल गया और वंजारी ने जीत दर्ज कर ली.

लगातार दूसरी बार विधान परिषद पहुंचे वंजारी

अभिजीत वंजारी पेशे से वकील और शिक्षाविद हैं. उन्होंने 2020 में भाजपा के संदीप जोशी को हराकर पहली बार यह सीट जीती थी. अब दूसरी बार जीत के साथ उन्होंने अपना कार्यकाल बरकरार रखा है. छात्र राजनीति से शुरुआत करने वाले वंजारी NSUI में महाराष्ट्र के महासचिव रह चुके हैं. इसके बाद उन्होंने युवा कांग्रेस और नागपुर जिला कांग्रेस में भी जिम्मेदारियां संभालीं.

ये भी पढ़ें:CJI के खिलाफ टिप्पणी पर संजय राउत ने SC से मांगी माफी, बोले- अपमान करने का इरादा नहीं था

Exit mobile version