NEET UG Result: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने गुरुवार (16 जुलाई) देर शाम NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया. 11.21 लाख परीक्षार्थियों ने परीक्षा पास की है. इनमें मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य कोर्स के छात्र क्वालिफाई हुए हैं. इस साल नीट का पेपर लीक होने के बाद 21 जून को दोबारा एग्जाम हुआ था. देश और विदेश के करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने एग्जाम दिया था.
19 छात्रों को मिले 700 से ज्यादा अंक
NTA के अनुसार क्वालिफाई करने वाले अभ्यर्थियों में 58 फीसदी छात्राएं हैं. छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा. जहां 56.8 प्रतिशत लड़कियों ने सफलता हासिल की. वहीं, 55.1 फीसदी छात्रों को ही कामयाबी हाथ लगी. इस परिणाम में पंजाब और हरियाणा के छात्रों ने बाजी मारी है. पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल को संयुक्त रूप से 715 अंक मिले और प्रथम स्थान पर रहे.
138 अभ्यर्थियों को 720 में से 690 अंक मिले हैं. जानकारी के मुताबिक 93 प्रतिशत अभ्यर्थी पहली बार NEET एग्जाम में शामिल हुए थे. वहीं, 99 फीसदी टॉपर्स की उम्र 17 से 19 साल के बीच है. छात्रों के लिए अच्छी खबर है क्योंकि परिणाम सही समय पर जारी होने से मेडिकल कॉलेजों में दाखिला और काउंसलिंग तय कार्यक्रम के मुताबिक हो सकेगा.
ये भी पढ़ें: ISRO के 100 से ज्यादा वैज्ञानिकों ने छोड़ी नौकरी, गगनयान मिशन के बीच सरकार ने बदले नियम
13 भाषाओं में हुई थी परीक्षा
NEET UG 2026 की परीक्षा का आयोजन हिंदी, अंग्रेजी, बंगाली समेत 13 भाषाओं में हुआ था. सामान्य वर्ग के 2.91 लाख, ओबीसी के 5.12 लाख, अनुसूचित जाति के 1.59 लाख और अनुसूचित जनजाति के 63 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी सफल हुए हैं. उत्तर प्रदेश के सबसे ज्यादा 7.1 लाख छात्र इस परीक्षा में शामिल हुए थे. वहीं, लक्षद्वीप के सबसे कम 43 अभ्यर्थी शामिल हुए थे. परीक्षार्थी अपना स्कोरकार्ड NTA की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर विजिट करके देख सकते हैं.
