26/11 की बरसी पर अमिताभ बच्चन के बंगले को उड़ाने की धमकी, अलर्ट हुईं सुरक्षा एजेंसियां
अमिताभ बच्चन
Amitabh Bachchan: बॉलीवुड के दिग्गज स्टार अमिताभ बच्चन के बंगले को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. यह धमकी 26/11 की बरसी के मौके पर मिली है. यही वजह है कि धमकी भरा मेल मिलने के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं. मुंबई के मेयर ऑफिस को धमकी भरा ई-मेल मिला है. इससे पहले भी बच्चन परिवार को जान से मारने की धमकी मिल चुकी है. पुलिस ने इस मामले में पिछले दिनों दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया था.
पिछले दिनों एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमला किया गया था, उन पर हमला करने वाले गैंगस्टर्स ने बताया था कि उनके निशाने पर अमिताभ बच्चन भी थे. इसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई थी. एक महीने के भीतर इस तरह की दूसरी धमकी मिलने के बाद पुलिस अब अलर्ट मोड में आ गई है.
मेल में क्या-क्या मिला?
मुंबई के मेयर ऑफिस को जो ई-मेल मिला है, उसमें अमिताभ बच्चन के अलावा दिलजीत दोसांझ का भी जिक्र किया गया है. इसमें लिखा है कि अगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को परमिशन दी गई, तो कार्यक्रम में ग्रेनेड से हमले किए जाएंगे. इस धमकी भरे मेल के बाद सुरक्षा एजेंसियां मेल भेजने वाले की तलाश में जुट गई हैं.
जलसा के बाहर भारी पुलिस बल
सूचना के बाद बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) की टीम BMC ऑफिस पहुंची. इसके बाद पूरे परिसर की जांच की गई. हालांकि अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है. फिलहाल अमिताभ के घर जलसा के बाहर पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात है. क्योंक पहले भी अमिताभ को जान से मारने की धमकी मिली थी.
मेल में कहा गया है कि 27 नवंबर से 31 दिसंबर के बीच मुंबई के मेट्रो स्टेशनों पर IED धमाके किए जा सकते हैं. शहर के कई बड़े ठिकानों को एक साथ निशाना बनाने की चेतावनी से सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.



