Nitin Gadkari Flying Bus Announcement: केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी अपनी फ्यूचरिस्टिक अप्रोच के लिए जाने जाते हैं. भारतीय परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मॉडर्न टेक्नोलॉजी से रूबरू करवाते हैं. एथेनॉल से चर्चा में रहने के बाद अब कैबिनेट मंत्री ने भारत में उड़ने वाली बसें लाने का दावा किया है. उनका ये बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
‘जाम से लोगों को मिलेगी मुक्ति’
कैबिनेट मंत्री नितिन गडकरी मंगलवार ( 14 जुलाई) को लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए. उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि मैं आने वाले वक्त में कई नई और मॉडर्न टेक्नोलॉजी लेकर आने वाला हूं. रोप-वे और केबल कार लेकर लाया हूं. मैं पानी में उतरने वाला हवाई जहाज लेकर आया था. ये प्लेन समुद्र में उतरा था. इसके बाद उन्होंने दावा किया कि अब मैं हवा में चलने वाली बस लेकर आने वाला हूं.
"जल्द ही मैं हवा में उड़ने वाली बस लाने वाला हूं…"- ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर नितिन गडकरी#NitinGadkari #Viral #BJP #Trending pic.twitter.com/jZyypa8nsJ
— Vistaar News (@VistaarNews) July 14, 2026
उन्होंने आगे कहा कि इसके लिए मैं मास रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम ऑन इलेक्ट्रिसिटी तैयार करूंगा. ये मेरे विभाग के अंतर्गत आता है. इस व्यवस्था के लागू होने के बाद आपको पता ही नहीं चलेगा कि आप एक कोने से दूसरे कोने तक कब पहुंच गए. इससे बड़े शहरों में जाम के झंझट से मुक्ति मिलेगी.
ये भी पढ़ें: ‘सरकार बहुत ‘निकम्मी’ होती है…’, नितिन गडकरी बोले- ये चलती गाड़ी को पंक्चर कर देंगे
40 मिनट में 63 किमी का सफर
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और कानपुर के बीच 4200 करोड़ रुपये की लागत से एक्सप्रेसवे का निर्माण हुआ है. पहले जहां 63 किमी की दूरी 3 घंटे में पूरी होती थी. अब 40 मिनट में लखनऊ से कानपुर पहुंच सकेंगे. 6-लेन एक्सेस-कंट्रोल एक्सप्रेसवे है जिस पर 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ियां चल सकेंगी. इस पर फोर व्हीलर और बड़े वाहनों को चलने की अनुमति होगी.
