UGC-NET 2026 New Schedule: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने UGC-NET के तीन विषयों की परीक्षाएं रद्द कर दी हैं. इनमें अंग्रेजी, समाजशास्त्र और कॉमर्स विषय शामिल हैं. एग्जाम जून-2026 में हुए थे. दरअसल, इन विषयों के पेपर में गलतियां सामने आई थीं. जिसके बाद NTA ने विशेष समिति बनाई थी, जिसकी सिफारिश के बाद इन विषयों की परीक्षा को रद्द कर दिया गया.
तीन विषयों के पेपरों में मिली खामियां
NTA ने 22 से 30 जून 2026 तक 87 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की थीं. इनमें से अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के विषयों के प्रश्नपत्रों में खामियां मिली थीं. इसकी जांच के लिए राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी ने विशेषज्ञों की एक समिति बनाई थी. तीनों विषयों के पेपरों में कई खामियां मिली थीं, जिसमें तथ्य, अनुवाद, टाइपिंग एरर और ग्रामर शामिल है. यहां तक की कई स्कॉलर्स के नाम भी गलत लिखे हुए थे. इसके साथ ही टॉपिक को स्पष्ट रूप से नहीं दिया गया था और कई पुराने सवाल भी दोहराए गए थे.
NTA ने नया शेड्यूल जारी किया
जानकारी के मुताबिक दोबारा परीक्षा के लिए NTA अभ्यर्थियों से अतिरिक्त शुल्क नहीं वसूलेगा. जल्द परीक्षा सेंटर्स, सिटी और एडमिट कार्ड के बारे में जानकारी साझा की जाएगा. तीनों विषयों की परीक्षा के लिए तारीख की नोटिफिकेशन जारी कर दी गई है.
| विषय | तारीख | समय | पाली |
| अंग्रेजी | 9 सितंबर 2026 | सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे | पहली |
| कॉमर्स | 9 सितंबर 2026 | दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक | दूसरी |
| समाजशास्त्र | 10 सिंतबर 2026 | सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे | पहली |
ये भी पढ़ें: बैकफुट पर बार काउंसिल! अध्यक्ष मनन मिश्रा ने लॉ स्टूडेंट्स से माफी मांगी, क्या है पूरा मामला
बाकी 84 विषयों पर कोई असर नहीं
NTA के अनुसार बाकी 84 विषयों के रिजल्ट पर कोई असर नहीं पड़ेगा. एजेंसी का कहना है कि जेआरएफ के आवंटन, असिस्टेंट प्रोफेसर एलिजिबिलिटी और PhD की प्रवेश प्रक्रिया में किसी तरह की देरी नहीं होगी.
