Odisha School Textbook Errors: ओडिशा में स्कूली पाठ्यपुस्तकों में सामने आई गलतियों को लेकर पिछले कई दिनों से सरकार के खिलाफ प्रदर्शन चल रहा है. तो वहीं अब यह आंदोलन तेज होता नजर आ रहा है. नवनिर्माण युवा छात्र संगठन (NYCS) के आंदोलन को अब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी समर्थन दे दिया है. पार्टी के प्रवक्ता और सह-संयोजक सौरव दास सोमवार को भुवनेश्वर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ खड़े होने का ऐलान किया.
सौरव दास ने स्कूली किताबों की छपाई पर खर्च हुए करीब 380 करोड़ रुपये का हवाला दिया. इस दौरान उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी रकम खर्च होने के बावजूद पाठ्यपुस्तकों में कई गलतियां सामने आना गंभीर विषय है. उन्होंने इन खामियों की जांच कराने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की. इसके साथ ही स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड के इस्तीफे की मांग का भी समर्थन किया.
सरकार ने नहीं की बातचीत की पहल- सौरभ दास
सौरभ दास के मुताबिक, छात्र संगठन पिछले कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है. उनका दावा है कि प्रदर्शनकारियों को सरकार ने लंबे समय तक सड़कों पर रहने के लिए मजबूर किया, जबकि कुछ आंदोलनकारी भूख हड़ताल पर भी बैठे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से प्रदर्शनकारियों से बातचीत की पहल नहीं की गई.
कॉकरोच जनता पार्टी ने स्कूली शिक्षा में सुधार, किताबों की गलतियों के लिए जवाबदेही और बच्चों तक सही पाठ्यपुस्तकें समय पर पहुंचाने की मांग को समर्थन दिया है. दास ने कहा कि उनकी पार्टी छात्रों के साथ मिलकर शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर आगे की रणनीति तैयार करेगी.
आज होगा विधानसभा घेराव
सौरव दास ने इस दौरान NEET-UG विवाद का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जिस तरह परीक्षा से जुड़े विवाद के बाद तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठी थी, उसी तरह पाठ्यपुस्तकों में हुई गलतियों की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए.
इस बीच छात्र संगठनों ने 22 सितंबर को ओडिशा विधानसभा घेराव का ऐलान किया है. उनका कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए.
ये भी पढ़ें:MP के पुलिसकर्मियों को सख्त हिदायत! वर्दी में रील नहीं बना पाएंगे, AI पर डॉक्यूमेंट अपलोड करने पर रोक
