Pappu Yadav: संसद में पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव का नाटक मंचन के बाद विवाद बढ़ गया. कई साधु-संतों ने इसका सीधे तौर पर विरोध किया है. इसके अलावा कई बीजेपी ने नेताओं ने पप्पू यादव पर हमला बोला है. इन सब के बीच अब यादव का एक और वीडियो सामने आया है. जिसमें वे शिवलिंग की विधि-विधान से पूजा करते दिखाई दे रहे हैं. इस वीडियो के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में नई बहस शुरू हो गई है.
वीडियो को खुद पप्पू यादव ने ही अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है. इसके साथ उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका विरोध किसी धर्म, पूजा-पद्धति या सनातन परंपरा से नहीं है. कुल मिलाकर यादव ने यह वीडियो कल हुए बवाल को शांत करने के लिए पोस्ट किया है.
उन्होंने कहा कि उनकी आपत्ति केवल उन लोगों से है जो धार्मिक आस्था का इस्तेमाल अपने निजी हितों के लिए करते हैं. उनका कहना है कि श्रद्धा और धार्मिक मान्यताओं का वे सम्मान करते हैं. लेकिन, धर्म के नाम पर कथित भ्रष्टाचार या आर्थिक गड़बड़ियों के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे.
संसद का वीडियो जमकर हो रहा वायरल
दरअसल, एक दिन पहले संसद परिसर में विपक्ष के प्रदर्शन के दौरान पप्पू यादव भगवा वेश में नजर आए थे. प्रदर्शन के जरिए कथित राम मंदिर चढ़ावा मामले को उठाया गया था. इस दौरान किए गए प्रतीकात्मक मंचन पर लोकसभा सचिवालय ने आपत्ति जताई. इसे संसदीय गरिमा के अनुरूप नहीं माना है.
दिल्ली में दर्ज हुआ पप्पू यादव के खिलाफ मामला दर्ज
पप्पू यादव के संसद वाला विवाद यही नहीं रुका. दिल्ली के जहांगीरपुरी थाने में उनके खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने की शिकायत दर्ज कराई गई.वहीं वाराणसी में भी कुछ संतों और धार्मिक संगठनों ने उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत सौंपी है.
इस बीच सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पूजा वाले वीडियो को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कुछ लोग इसे अपनी धार्मिक आस्था स्पष्ट करने की कोशिश बता रहे हैं, जबकि विरोधी इसे हालिया विवाद के बाद छवि सुधारने की कवायद के रूप में देख रहे हैं.
ये भी पढ़ें: JPSC विवाद पर छात्रों का हल्लाबोल! रांची में जंतर-मंतर जैसा माहौल, सड़कों पर हजारों अभ्यर्थी
