Vistaar NEWS

1 द‍िन के संसद सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण बिल पास करा पाएगी NDA? कैसा है सीटों का पूरा गणित

parliament session delimitation bill,

Parliament Session Delimitation Bill: केंद्र सरकार की तरफ से संसद के दोनों सदनों (लोकसभा और राज्‍यसभा) को बुलाने का फैसला किया गया है. हालांकि अब तक इस सत्र को बुलाने के पीछे का एजेंडा साफ नहीं हो सका है. इसको लेकर न तो सरकार की तरफ से कुछ कहा गया है और न ही सदनों की तरफ से कोई जानकारी सामने आई है. लेकिन, अटकलें लगाई जा रही हैं कि परिसीमन (Delimitation) और महिला आरक्षण ब‍िल सरकार की तरफ से इस सत्र में पेश किया जा सकता है. सरकार इससे पहले भी यह ब‍िल ला चुकी है. हालांकि उस समय बहुमत न मिलने के कारण यह बिल गिर गया था. तो ऐसे में सवाल उठता है कि अब अगर सरकार ब‍िल लाती है तो कैसे पास होगा? यह कितना आसान है और इसमें किन किन का साथ मिलेगा?

लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी. दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चल सकती है. खास बात यह है कि इस सत्र में  न तो प्रश्नकाल होगा और न ही शून्यकाल होगा. यही वजह है कि विपक्ष इसका विरोध कर रहा है.

बीजेपी के पास बिल पास कराने के लिए है बहुमत?

भारतीय जनता पार्टी के पास सीधे तौर पर बिल पास कराने का बहुमत अपने पास नहीं है. यही वजह है कि उसको अपने सहयोगियों को साथ लेना पड़ेगा. विधेयक पारित कराने के लिए NDA को अपने सहयोगियों के अलावा दूसरे दलों का समर्थन भी जुटाना पड़ सकता है.परिसीमन और महिला आरक्षण बिल को संसद के दोनों सदनों से पास कराने के लिए विशेष बहुमत की जरूरत होती है.

इसको आसान भाषा में कहें तो वोट‍िंग जिस समय होगी उस समय संसद में मौजूद कुल सदस्यों की संख्या का दो-तिहाई बहुमत इन बिलों को पारित कराने के लिए चाहिए पड़ेगा.

अगर लोकसभा में वोटिंग के समय 540 सदस्य मौजूद रहते हैं तो बिल को पास कराने के लिए सरकार को 360 सदस्यों का वोट चाहिए होगा. अगर इससे कम वोट होंगे तो यह बिल पास नहीं हो पाएगा. ऐसा ही कुछ हाल राज्‍यसभा का है अगर सदन में वोटिंग के समय 240 सदस्य मौजूद होते हैं, तो इसका दो-तिहाई यानी 160 सदस्यों का वोट महिला आरक्षण बिल के पक्ष में चाहिए होगा.

लोकसभा में कैसी है सरकार की स्‍थ‍ित‍ि?

लोकसभा में इस समय कुल 543 सीटें होती हैं. दो सांसदों के न‍िधन और एक सांसद के इस्तीफे के कारण यह संख्या 540 रहती है. बहुमत के लिए 360 वोट चाहिए है. वही एनडीए के पास 320 सांसदों का समर्थन है. मतलब जादुई आंकड़े से 40 कम है.  

एनडीए के घटक दलों का संख्याबल (कुल 320)

बीजेपी: 241

एनसीपीआई: 20

टीडीपी: 16

शिवसेना: 13

जेडीयू: 12

एलजेपी (आरवी): 5

आरएलडी: 2

जेएसपी: 2

जेडीएस: 2

अन्य सहयोगी दल: एनसीपी, शिरोमणि अकाली दल, एजीपी, आजसू, अपना दल (एस), हम (HAM) और एसकेएम के 1-1 सांसद (कुल 7)

बीजेपी दूसरे प्‍लान पर भी कर रही काम

कई दलों ने इस बिल के समर्थन को लेकर अब तक अपनी स्‍थ‍ित‍ि साफ नहीं की है. एनसीपी शरद पवार ने कहा कि बिल आने के बाद फैसला किया जाएगा. वही डीएमके ने भी ब‍िल के समर्थन का संकेत दिया है. अगर इसके बाद भी बहुमत लाने में पेंच फंसता है तो बीजेपी दूसरे प्लान पर काम कर रही है. इसके तहत कई सांसदों को अनुपस्‍थि‍त कराने की तैयारी है ताकि बहुमत का आंकड़ा कम किया जा सके. बताया जा रहा है कि जरूरत पड़ने पर शिवसेना (यूबीटी), जेएमएम, आरजेडी और आम आदमी पार्टी (आप) के कुछ सांसद मतदान के दौरान गैरहाजिर रह सकते हैं. ऐसा होता है तो बहुमत का आवश्यक आंकड़ा नीचे आ सके और बिल के पारित होने का रास्ता साफ हो जाए.

राज्यसभा में कैसा है सरकार का हाल?

राज्यसभा के आंकड़ों की बात की जाए तो यहां राज्यसभा में कुल 242 सांसद वोट करेंगे. जिसमें बिल पास कराने का आंकड़ा 161 होगा. फिलहाल राज्यसभा में NDA के पास 153 सांसद हैं. यानी यहां सरकार बिल को पास कराने से 8 वोट पीछे हैं. राज्‍यसभा में सरकार के समर्थन में कई सदस्‍य हैं. यहां समर्थन जुटाने में आसानी होगी. यही वजह है कि लोकसभा के बजाय राज्‍यसभा में बहुमत हास‍िल करना आसान माना जा रहा है.

पहले जब बिल लाए थे तो क्‍या था हाल?

सरकार इससे पहले  17 अप्रैल 2026 को ब‍िल लाई थी. लेकिन उस समय वोट न मिलने के कारण यह पास नहीं हो सके थे. संविधान (131वां संशोधन) विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे. जरूरी 352 वोट नहीं मिलने से विधेयक पारित नहीं हो सका था. लेकिन, इस बार सरकार खास तैयारी में है.

Exit mobile version