ममता बनर्जी के भाई ने भतीजे अभिषेक पर दर्ज कराई FIR, डराने-धमकाने समेत कई गंभीर आरोप
अभिषेक बनर्जी (File Photo)
Mamata Brother vs Abhishek Banerjee: बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के छोटे भाई स्वपन बनर्जी ने पार्टी के महासचिव और भतीजे अभिषेक बनर्जी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने अभिषेक पर डराने-धमकाने का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराने की मांग की है. स्वपन बनर्जी को भाजपा की सरकार बनने के बाद कई बार वरिष्ठ नेताओं से नजदीकियां देखी गई हैं. कई बार सीएम सुवेंदु अधिकारी की तारीफ करते भी नजर आए. जानें अभिषेक बनर्जी पर क्या आरोप लगाए?
ममता बनर्जी के भाई स्वपन बनर्जी ने अभिषेक बनर्जी पर रक्तदान शिविर के आयोजन में बाधा डालने का आरोप लगाया. मीडिया रिपोर्ट की मानें तो स्वपन बनर्जी ने कालीघाट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि टीएमसी सरकार के दौरान सरकारी काम में बाधा डालने, क्लबों पर जबरन कब्जा करने और डराने-धमकाने की कई घटनाएं हुईं, जो आज भी चल रही हैं. इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि बहुत कुछ सहा भी है.
BJP के राज में भी TMC जैसा हालः स्वपन बनर्जी
इस दौरान स्वपन बनर्जी ने कहा कि टीएमसी के 15 साल के शासन के दौरान धमकी और डराने-धमकाने की जो संस्कृति पनपी थी, वह भाजपा के सत्ता में आने के बाद भी जारी है. उन्होंने दावा किया कि वे खुद 2024 से ही ऐसी घटनाओं के गवाह रहे हैं.


