Vistaar NEWS

चुनाव आयोग का कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर एक्‍शन, भेजा नोट‍िस, PM मोदी पर की थी विवादित टिप्पणी

मल्लिकार्जुन खड़गे

मल्लिकार्जुन खड़गे

Mallikarjun Kharge Statement: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का विवादित बयान अब उनके लिए ही मुसीबत बनता जा रहा है. उन्‍होंने बीते द‍िनों एक बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी बताया था. उनके इस बयान पर बीजेपी ने जमकर हंगामा किया.यही वजह है कि मामला तूल पकड़ गया. बीजेपी की तरफ से चुनाव आयोग में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी. अब इसी शिकायत पर एक्शन लेते हुए इलेक्शन कमीशन ने खड़गे को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है.

बीजेपी के कई नेताओं ने खड़गे के बयान पर आपत्ति जताई थी. इसके साथ ही कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन भी किए गए थे. चुनाव आयोग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की तरफ से पीएम मोदी को आतंकवादी कहे जाने के मामले में संज्ञान लेते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है.

कब का है पूरा मामला?

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्‍होंने सरकार पर जमकर हमला बोला. बातचीत के दौरान ही उन्‍होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘आतंकवादी’ कह दिया. पूरे मामले पर जब विवाद बढ़ा तो खड़गे की तरफ से सफाई पेश की गई.

उन्‍होंने अपने बयान का मतलब बताते हुए कहा कि पीएम मोदी लोगों और राजनीतिक पार्टियों को डरा-धमका रहे हैं. उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री को कभी आतंकवादी नहीं कहा है. बीजेपी झूठे आरोप लगा रही है.

क्या है खड़गे का पूरा बयान

मल्लिकार्जुन खड़गे तमिलनाडु चुनावों के लिए AIADMK की तरफ से बीजेपी को गठबंधन सहयोगी के तौर पर चुनने पर सवाल खड़े कर रहे थे. उन्होंने कहा, ”ये AIADMK वाले लोग, जो खुद अन्नादुराई की तस्वीर लगाते हैं, वे मोदी के साथ कैसे जुड़ सकते हैं? वह एक आतंकवादी हैं. उनकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं रखती हैं. इसके बाद भी ये लोग उनके साथ जुड़ रहे हैं.

चुनाव आयोग के नोट‍िस के बाद देखना होगा कि अब खड़गे अपनी सफाई में क्‍या दलील पेश करते हैं. इससे पहले ही बीजेपी खड़गे और कांग्रेस दोनों पर ही हमलावर है.

ये भी पढ़ें: बीजेपी ने प्रीतम लोधी को थमाया कारण बताओ नोटिस, सुनिए बीजेपी विधायक ने क्या कहा, Video

Exit mobile version