Vistaar NEWS

AI, ड्रोन और सोलर ऊर्जा से बदलेगी खेती की तस्वीर, PM मोदी बोले- 12 साल में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आधुनिक तकनीक, कृषि में विविधता और ऊर्जा के वैकल्पिक साधनों के इस्तेमाल से किसानों की आय बढ़ाने के नए रास्ते खुल सकते हैं. उन्होंने यह बात इंडिया टुडे ग्रुप के किसान तक भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 को संबोधित करते हुए कही. दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की थीम ‘स्मार्ट किसान, विकसित भारत’ है. इसमें देशभर से 2,000 से अधिक किसान, नीति निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और वैश्विक विशेषज्ञ शामिल हुए.

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सेंसर आधारित तकनीक खेती को अधिक सटीक बनाने में मददगार साबित हो सकती है. ऐसे उपकरण विकसित किए जा रहे हैं, जिनसे किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता और फसलों के लिए जरूरी पोषक तत्वों की जानकारी मिल सके. उन्होंने मोबाइल फोन के जरिए मिट्टी की जांच की सुविधा का उदाहरण देते हुए कहा कि तकनीक की लागत कम रखने की कोशिश हो रही है, ताकि छोटे किसान भी इसका लाभ उठा सकें.

नमो ड्रोन दीदियों का किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने गांवों में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को लेकर बनी धारणाओं का उल्लेख करते हुए नमो ड्रोन दीदियों की सराहना की. उन्होंने झारखंड की एक महिला का अनुभव साझा किया, जिसने बताया था कि ड्रोन चलाने के बाद गांव के लोग उसे पायलट कहकर बुलाने लगे हैं. मोदी ने कहा कि इससे महिलाओं का आत्मविश्वास और सम्मान बढ़ा है. ड्रोन का इस्तेमाल खाद और कीटनाशकों के छिड़काव में किया जा रहा है.

सोलर पंप से बिजली खर्च में कमी

मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 के मुकाबले देश में मिट्टी की जांच करने वाली प्रयोगशालाओं की संख्या बढ़कर 8,400 से अधिक हो गई है. वहीं, 750 से ज्यादा कृषि विज्ञान केंद्र किसानों को वैज्ञानिक सलाह और नई तकनीकों की जानकारी दे रहे हैं. उन्होंने पीएम-कुसुम योजना का जिक्र करते हुए बताया कि इसके तहत करीब 12 लाख सोलर पंप दिए जा चुके हैं. इससे किसानों को बिजली खर्च घटाने और सौर ऊर्जा से कमाई करने के अवसर मिल रहे हैं.

दूध, अंडा और बागवानी उत्पादन में वृद्धि

प्रधानमंत्री के मुताबिक, देश में बागवानी उत्पादन 280 मिलियन टन से बढ़कर 350 मिलियन टन से अधिक हो गया है. पिछले एक दशक में दूध उत्पादन में करीब 70 प्रतिशत और अंडा उत्पादन में लगभग 90 प्रतिशत वृद्धि हुई है. इसी अवधि में मछली उत्पादन दोगुने से अधिक हुआ, जबकि शहद का उत्पादन करीब 80 हजार टन से बढ़कर डेढ़ लाख टन तक पहुंच गया.

पारंपरिक फसलों से आगे बढ़ने की अपील

प्रधानमंत्री ने किसानों से गेहूं, चावल और गन्ने जैसी पारंपरिक फसलों पर निर्भरता कम कर खेती के दूसरे विकल्पों पर भी ध्यान देने की अपील की. उन्होंने कहा कि उत्पादन के साथ उत्पादकता और किसानों के मुनाफे पर ध्यान देना जरूरी है. अपने संबोधन में उन्होंने विश्व बैंक की एक स्टडी का हवाला देते हुए दावा किया कि पिछले 12-13 वर्षों में भारत के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं. उन्होंने यह भी कहा कि पिछले दशक में देश की कृषि विकास दर औसतन चार प्रतिशत से अधिक रही है.

Exit mobile version