CM Nitish Kumar: बिहार की सियासत में एक बार फिर बड़ी हलचल होती दिख रही है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजे जाने को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है. नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की संभावना को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं कि क्या बिहार में सत्ता का समीकरण बदलने वाला है?
क्या बिहार में BJP का CM बनेगा?
बिहार के सियासी गलियारों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने को लेकर चर्चा काफी तेज है. ऐसे में सवाल ये है कि अगर नीतीश कुमार दिल्ली का रुख करते हुए राज्यसभा जाते हैं तो उनकी जगह बिहार का मुख्यमंत्री कौन बनेगा? चर्चा तो ये भी है कि अगर नीतीश कुमार दिल्ली की राजनीति में जाते हैं तो बीजेपी का कोई नेता बिहार मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठ सकता है.
संख्या बल के आधार पर BJP सबसे बड़ी दावेदार
साल 2026 के मार्च महीने में बिहार समेत 10 राज्यों की 37 सीटों पर राज्यसभा के लिए चुनाव होने हैं. ऐसे में नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजे जाने की अटकलों ने सूबे की सियासत में उबाल ला दिया है. अगर ये मान लिया जाए कि नीतीश कुमार राज्सभा के जरिए केंद्र में जाते हैं तो बिहार में मुख्यमंत्री पद के लिए बीजेपी बड़ी दावेदार है. संख्या बल के आधार पर भी बीजेपी अपना मुख्यमंत्री बनाने में सबसे आगे है. हालांकि जानकारों का कहना है कि अगर बीजेपी को बिहार में अपना मुख्यमंत्री बनाना है तो उसके लिए जरूरी है कि नीतीश कुमार को केंद्र में बड़ा पद दिया जाए.
बिहार विधानसभा में NDA को मिली थी प्रचंड बहुमत
बिहार विधानसभा 2025 चुनावों में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन(NDA) को प्रचंड बहुमत मिली थी. एनडीए ने इस बार 200 सीटों का आंकड़ा भी पार कर लिया था. एनडीए ने 243 में से 202 सीटें जीतकर सभी को चौका दिया था. इस चुनाव में बीजेपी पहली बार गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका में दिखी. चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनते हुए बीजेपी ने 90 सीटें जीतीं थीं. वहीं दूसरे नंबर पर रही जेडीयू ने 84 सीटें जीती थीं. ऐसे में नीतीश कुमार के केंद्र में जाने पर संख्या बल के आधार पर भी बिहार में बीजेपी का मुख्यमंत्री बन सकता है.
ये भी पढे़ं: Holi Celebration: अलग-अलग राज्यों में धूमधाम से मनाई जा रही होली, रंगोत्सव के जश्न में डूबे लोग, देखें तस्वीरें
