Vistaar NEWS

क्‍यों बेच दी जमीन? पुणे में बीच सड़क पर मां-बाप की डंडों से की प‍िटाई, प‍िता ने दर्ज कराई FIR

बीच सड़क पर मां-बाप को पीटते बेटे

बीच सड़क पर मां-बाप को पीटते बेटे

Pune Elderly Couple Assaulted: महाराष्ट्र के पुणे जिले के इंदापुर से सामने आए एक वीड‍ियो ने हर किसी को परेशान कर द‍िया. जिस उम्र में माता-पिता को अपने बच्चों के सहारे की जरूरत होती है. उस उम्र में माता-पिता के साथ बच्चों ने बीच सड़क पर मारपीट कर दी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में गुस्सा है. यही वजह है कि इस मामले में अब केस दर्ज कर ल‍िया गया है.

पूरा मामला इंदापुर के तरंगवाड़ी इलाके का बताया जा रहा है. पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त की शाम 65 साल के तुकाराम किसन राउत अपनी बीमार पत्नी अंजना के साथ बाहर निकले थे. इसी दौरान उनके दोनों बेटे संजय और राजेंद्र वहां पहुंचे. आरोप है कि दोनों ने माता-पिता से उनकी जमीन बेचने को लेकर सवाल किया. यह जमीन मां के नाम पर दर्ज थी.  जिसे बेचने को लेकर बेटे नाराज थे.

बातचीत देखते ही देखते विवाद में बदल गई. आरोप है कि बेटों ने पहले माता-पिता से गाली-गलौज की और फिर लकड़ी के डंडों से तुकाराम पर हमला कर दिया. वीडियो में बुजुर्ग पिता को सड़क पर गिराकर पीटते हुए देखा जा सकता है.

मारपीट में बुरी तरह घायल हुए दंपत्ति

मारपीट में तुकाराम के चेहरे, पीठ, कंधे और जांघों पर चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी अंजना को भी हाथ और कमर में चोट लगी. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. घटना के बाद तुकाराम ने इंदापुर पुलिस थाने पहुंचकर अपने दोनों बेटों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

यह घटना सिर्फ एक जमीन विवाद नहीं, बल्कि उस रिश्ते पर बड़ा सवाल है जिसे दुनिया में सबसे मजबूत माना जाता है. जिस पिता ने बच्चों को बड़ा करने के लिए पूरी जिंदगी लगा दी, उसी पिता को बुढ़ापे में अपने ही बेटों के हाथों डंडे खाने पड़े. 

ये भी पढ़ें:CEO जितेंद्र मिश्रा की एंट्री से राम मंदिर में क्‍या होंगे बदलाव? सबसे पहले खत्‍म होगी ये पुरानी व्‍यवस्‍था

Exit mobile version