Vistaar NEWS

पंजाब में AAP को फिर झटका, पूर्व सीएम चन्नी को हराने वाले विधायक चरणजीत सिंह ने छोड़ी पार्टी

Punjab Elections 2027

सुखवीर बादल ने ज्‍वाइन कराई पार्टी

Punjab Elections 2027: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को लगातार झटके लग रहे हैं. उम्मीदवारों की पहली लिस्ट सामने आने के बाद ही 3 विधायकों ने पार्टी छोड़ दी थी. सभी ने बीजेपी का दामन थाम लिया था. अब जब भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल का गठबंधन हुआ तो एक और विधायक ने पार्टी छोड़ दी है. विधायक चरणजीत सिंह आम आदमी पार्टी छोड़कर अकाली दल में शामिल हो गए हैं.

चमकौर साहिब से पार्टी के विधायक डॉ. चरणजीत सिंह ने  पूर्व सीएम  चन्नी को विधानसभा चुनाव में हराया था.  आम आदमी पार्टी ने हाल ही में अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की थी. इस लिस्ट में चरणजीत का टिकट काट दिया गया था. तभी से वह नाराज चल रहे थे. उनके पार्टी छोड़ने की वजह टिकट कटना ही माना जा रहा है.

अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई है. शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष ने पार्टी में उनका स्वागत किया.  इससे पहले भी 3 विधायकों ने आम आदमी पार्टी का साथ छोड़ दिया था. कुल मिलाकर चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं.

व‍िधायक ने खुद बताई पार्टी छोड़ने की वजह

डॉ. चरणजीत सिंह ने कहा कि मैंने शिरोमणि अकाली दल जॉइन कर लिया है, जो हमारी क्षेत्रीय पार्टी है. पिछले दो महीनों से मैं कह रहा हूं कि आम आदमी पार्टी एक तानाशाही पार्टी है. इसे केंद्र से चलाया जाता है; इसका कंट्रोल दिल्ली से होता है. मुख्यमंत्री का कोई वास्तविक प्रभाव नहीं है. ऐसे हालात में, जहां एक विधायक को कोई सम्मान नहीं दिया जाता, मैंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया.

सुखबीर सिंह बादल ने क्या कहा?

शिअद चीफ सुखबीर सिंह बादल ने सोशल मीडिया पर डॉ. चरणजीत सिंह का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि वह चिकित्सा क्षेत्र की एक प्रतिष्ठित शख्सियत हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि डॉ. चरणजीत सिंह और उनकी टीम को अकाली दल में उचित सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी. सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि उनके पार्टी में शामिल होने से क्षेत्र में शिरोमणि अकाली दल और मजबूत होगा.

नहीं थम रही आम आदमी पार्टी में बगावत

आगे होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए चमकौर साहिब सीट से डॉ. चरणजीत सिंह की जगह जसबीर सिंह गढ़ी को उम्मीदवार बनाया है.बता दें कि AAP ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अब तक 8 मौजूदा विधायकों के टिकट काटे हैं.  ऐसे में साफ है कि आने वाले दिनों में कई और मौजूदा विधायक बगावत कर सकते हैं.

Exit mobile version