Vistaar NEWS

पंजाब में एंटी ड्रग्स एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या, फेसबुक पर थे लाइव उसी दौरान मारी गोली

Parminder Singh Jhotta (1)

ड्रग्स एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा

Parminder Singh Jhotta Murder: पंजाब में किस तरह ड्रग्स पैर पसार रहा है. यह बात किसी से छिपी नहीं है. आए दिन ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई और ड्रग्स के सिडिंकेट की खबरें सामने आती ही रहती हैं. इन सब के बीच अब ड्रग्स एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई. झोटा मानसा में एंटी ड्रग टास्क फोर्स के संचालक थे. उन पर गोली से हमला मेडिकल स्टोर के मालिक ने किया.  ताबड़तोड़ 3 गोलियां मारी गईं, जिसमें एक गोली उनके सीने के पार हो गई.

परव‍िंदर स‍िंह लंबे समय से पंजाब में ड्रग्स के खिलाफ में आवाज उठा रहे हैं. वह न केवल लोगों को नशा न करने के लिए जागरूकता का काम करते थे. इसके साथ-साथ वह नशा बेचने के आरोपियों को पकड़ने में पुलिस की मदद भी किया करते थे. यही वजह है कि उनका पहले भी कई बार विवाद हो चुका है.

कब हुआ परमिंदर सिंह पर गोली से हमला?

परमिंदर सिंह को खबर मिली थी कि बठिंडा इलाके में कई मेडिकल स्‍टोर्स पर ड्रग्स बेचा जा रहा है. इसी को लेकर वह मेडिकल स्टोर पर स्टिंग ऑपरेशन करने पहुंचे थे. इस दौरान वह अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लाइव थे. स्‍ट‍िंग के दौरान ही उनकी और मेडिकल संचालक के बीच पहले जमकर बहस हुई. बहस के दौरान ही मेडिकल स्टोर वाले ने एक्टिविस्ट झोटा पर गोली चला दी. गोली इतने नजदीक से चलाई गई कि परमिंदर सिंह के आर पार हो गई.

गोलीबारी की यह पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. गोली लगने के बाद जब उन्हें मानसा सिविल अस्पताल ले जाया गया, तो उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

क्‍या है हत्‍या के पीछे की वजह?

पुलिस के मुताबिक साल 2023 में परविंदर झोटा ने नशा बेचने की वजह से इसी दुकानदार के गले में जूतों की माला पहनाकर घुमाया था. जिस वजह से दोनों के बीच रंजिश चल रही थी. शुरुआती रिपोर्ट की मानें तो इसी को लेकर इस घटना को मेडिकल स्टोर के संचालक अश्विनी ने गोली चलाई है. पुलिस की मानें तो अश्विनी इस समय फरार है. उसे पकड़ने के लिए कई टीमें लगी हुई हैं. 

दूसरी तरफ झोटा की हत्‍या के बाद पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल है. यही वजह है कि आस पास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. इसके बाद जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों की छुट्टी कर दी.

ये भी पढ़ें:राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत! अब मानहानि केस में नहीं होगा ट्रायल, क्या है पूरा मामला?

Exit mobile version