ISI के इशारों पर रची जा रही थी साजिश, पंजाब पुलिस ने 9 संदिग्धों को दबोचा
प्रतीकात्मक तस्वीर
ISI-backed terror module: स्वतंत्रता दिवस जैसे-जैसे पास आ रहा है, वैसे सुरक्षा एजेंसियां कश्मीर से लेकर देश के अलग-अलग इलाकों में एक्टिव होती जा रही हैं. इसी कड़ी में लगातार संदिग्धों को गिरफ्तार किया जा रहा है. कश्मीर के बाद अब पंजाब में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पंजाब पुलिस ने सीमा पार से संचालित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है.
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े दो संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है. इस ऑपरेशन में 9 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें चार नाबालिग भी शामिल बताए जा रहे हैं.
पंजाब पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए संदिग्ध विदेशी हैंडलरों के संपर्क में थे. उन्हें आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए भर्ती किया गया था. इन्हें स्थानीय युवाओं की भर्ती, संवेदनशील प्रतिष्ठानों की रेकी, अवैध हथियार जुटाने और राज्य में अशांति फैलाने जैसे कार्यों के निर्देश दिए जा रहे थे.
संदिग्धों ने कई जगहों पर लगाए थे कैमरे
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और पेट्रोल बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली चार बोतलें बरामद की हैं. जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि कुछ स्थानों पर रेलवे ट्रैक और अन्य संवेदनशील इलाकों की निगरानी कर रहे थे. इसके लिए संदिग्धों की तरफ से कई जगहों पर कैमरे लगाए गए थे, जिनकी फुटेज कथित तौर पर विदेशी हैंडलरों तक भेजी जा रही थी.
कई और संदिग्ध पुलिस के निशाने पर
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई राज्य में आतंकी गतिविधियों और सीमा पार से संचालित नेटवर्क पर बड़ी चोट है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है. उनके अन्य सहयोगियों, फंडिंग नेटवर्क तथा विदेशी कनेक्शन की जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं.
ये भी पढ़ें: TMC के बागी गुट में सब ठीक ? तीन मुस्लिम सांसदों की दूरी से उठे बड़े सवाल