Vistaar NEWS

राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम पर फंसा पेच! स्टेडियम की परमिशन को लेकर कांग्रेस-निगम आमने-सामने

राहुल गांधी

राहुल गांधी

Rahul Gandhi Indore: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पिछले दिनों ऐलान किया था कि वह मध्य प्रदेश के इंदौर में छात्रों के गूंज कार्यक्रम में शामिल होंगे. हालांकि उनके इस ऐलान से पहले ही कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी. लेकिन अब इस कार्यक्रम को लेकर पेंच फंसता नजर आ रहा है. ऐसा इसलिए क्योंकि नेहरू स्टेडियम में राहुल गांधी के कार्यक्रम की मंजूरी नहीं मिली है.

कार्यक्रम की मंजूरी क्यों नहीं मिली इसका कारण अब तक सामने नहीं आया है. इसको को लेकर सोमवार को कांग्रेस नेताओं ने निगमायुक्त क्षितिज सिंघल से मुलाकात की.  कार्यक्रम की अनुमति देने की मांग रखी है.

न‍िगम और कांग्रेस आमने-सामने

कांग्रेस शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे सहित पार्टी के कई नेता निगम ऑफिस पहुंचे. कांग्रेस नेताओं ने अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि राहुल गांधी का प्रस्तावित कार्यक्रम युवाओं के साथ संवाद पर केंद्रित है. पार्टी की कोशिश है कि बड़ी संख्या में युवाओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी वाले इस कार्यक्रम के लिए पर्याप्त क्षमता वाला स्थान उपलब्ध कराया जाए.

हालांकि, नगर निगम की ओर से नेहरू स्टेडियम में आयोजन की अनुमति को लेकर कानूनी स्थिति का हवाला दिया जा रहा है. महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भी परमिशन न दिए जाने की वजह बताई है. उन्‍होंने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार खेल गतिविधियों के अलावा दूसरे आयोजनों के लिए अनुमति नहीं मिल सकती है.  इसी वजह से निगम के स्तर पर अनुमति को लेकर स्थिति अटकी हुई है.

कांग्रेस ने लगाए बीजेपी पर गंभीर आरोप

कांग्रेस ने इस पूरे मामले को राजनीतिक मुद्दा बना दिया है. शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने आरोप लगाया कि अधिकारियों पर भाजपा की ओर से दबाव बनाया जा रहा है. उनका कहना है कि नेहरू स्टेडियम में पहले भी कई बड़े आयोजन हो चुके हैं, ऐसे में राहुल गांधी के कार्यक्रम को अनुमति नहीं देना सवाल खड़े करता है. उन्‍होंने कहा कि बीजेपी डर के कारण अनुमति नहीं दे रही है.

कांग्रेस तलाश रही दूसरे विकल्प

नेहरू स्टेडियम की अनुमति नहीं मिलने की स्थिति में कांग्रेस ने दूसरे विकल्पों पर भी विचार शुरू कर दिया है. चिमनबाग मैदान और खेल प्रशाल समेत कुछ अन्य स्थानों को संभावित स्थल के तौर पर देखा जा रहा है. कार्यक्रम की तैयारियों और जगह का जायजा लेने के लिए दिल्ली से कांग्रेस की टीम भी इंदौर आ सकती है.

ये भी पढ़ें:CJP के मार्च पर सुप्रीम कोर्ट का रोक लगाने से इनकार, 5 सितंबर को होने वाला है प्रदर्शन

Exit mobile version