Indore: नगर निगम कर्मचारी को थप्पड़ जड़ना पड़ा भारी, सोनिला मिमरोट समेत 3 को जाना पड़ा जेल
इंदौर थप्पड़ कांड
Indore Thappad Kand Sonila Mimrot Jail: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. फूटी कोठी सब्जी मंडी में हुए थप्पड़ कांड में बड़ा अपडेट आ रहा है. जिसमें नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट को बड़ा झटका लगा है. कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद सोनिला मिमरोट समेत तीन लोगों को इंदौर जिला जेल भेज दिया गया है.
यह है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, फूटी कोठी सब्जी मंडी हटाने के लिए नगर निगम की टीम पहुंची थी. इस दौरान नगर निगम द्वारा की जा रही कार्रवाई का विरोध हो रहा था. आरोप है कि इसी दौरान निगम कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया गया. मंडी हटाने की कार्रवाई के विरोध में मौके पर जमकर हंगामा भी हुआ था.
पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस
मामले में पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. वहीं, जमानत निरस्त होने के बाद तीन आरोपियों को जेल भेजा गया. इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने पुलिस पर सवाल उठाए हैं. कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस भाजपा के इशारे पर काम कर रही है.
प्वाइंट्स में जानिए पूरा मामला
- दरअसल, ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण का हवाला देकर नगर निगम फूटी कोठी फ्लाईओवर के नीचे सब्जी बेचने से रोकती है.
- सब्जी बेचने के लिए वैकल्पिक स्थान दिया गया है. जहां कारोबारी नहीं जाना चाहते हैं. उनका कहना है कि वहां ग्राहक नहीं आते हैं.
- कांग्रेस का दावा है कि यहां से सब्जी मंडी हटाने पर लगभग 450 परिवार प्रभावित होंगे. रोजी-रोटी पर संकट आएगा.
चिंटू चौकसे हुए हमलावर
इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने पुलिस को भाजपा का एजेंट बता दिया. उन्होंने कहा कि शहर में अत्याचार की पराकाष्ठा हो गई है. कांग्रेस हमेशा से गरीबों की आवाज उठाती आई है. महापौर पुष्यमित्र भार्गव घोषणा की बजाय हॉकर्स जोन का निर्माण कर देते तो गरीबों को व्यापार के लिए जगह मिल जाती. इसके जिम्मेदार महापौर हैं.



