रायपुर. भारतीय रेलवे में रनिंग स्टाफ और परिचालन से जुड़े कर्मचारियों की ड्यूटी तथा विश्राम को लेकर रेलवे बोर्ड ने कड़ा रुख अपनाया है. बोर्ड ने 16 नवंबर, 2026 को सभी जोनल रेलवे को पत्र जारी कर स्पष्ट किया है कि अब निर्धारित कार्य अवधि से अधिक काम लेने और कर्मचारियों के विश्राम में कटौती करने पर सख्ती से रोक लगाई जाए. रेलवे बोर्ड ने दो टूक कहा है कि स्टाफ की कमी या परिचालन से जुड़ी आपात स्थितियों का हवाला देकर विश्राम के नियमों की अनदेखी नहीं की जा सकती.
नियमों का कड़ाई से पालन अनिवार्य
रेलवे बोर्ड के अनुसार, रेलवे अधिनियम, 1989 और रेलवे सेवक (कार्य के घंटे एवं विश्राम अवधि) नियम, 2005 के तहत तय प्रावधानों का पालन करना अनिवार्य है. बोर्ड ने माना है कि कर्मचारियों की कमी या इमरजेंसी की स्थिति को नियमों में ढील या छूट देने का आधार नहीं बनाया जा सकता.
रेल सुरक्षा और कर्मचारियों की सेहत से सीधा जुड़ाव
बोर्ड ने अपने निर्देश में इस बात पर जोर दिया है कि कर्मचारियों के स्वास्थ्य, कल्याण और कार्यस्थल पर सतर्कता बनाए रखने के लिए पर्याप्त विश्राम बेहद जरूरी है. इसका सीधा संबंध ट्रेनों के सुरक्षित और सुचारु संचालन से है. अत्यधिक थकान की स्थिति में ड्यूटी करने से कर्मचारियों की कार्यक्षमता और अलर्टनेस पर असर पड़ सकता है, जिससे परिचालन सुरक्षा को लेकर जोखिम पैदा होने की आशंका रहती है.
लोको पायलट और ट्रेन मैनेजरों को मिलेगी राहत
रेलवे बोर्ड के इस फैसले से लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर सहित परिचालन से जुड़ी अन्य श्रेणियों के कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को जमीनी स्तर पर वास्तविक स्थिति की समीक्षा करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि कार्य अवधि, ड्यूटी रोस्टर तथा विश्राम के नियमों का अक्षरशः पालन हो.
NFIR के अभ्यावेदन के बाद हुई कार्रवाई
गौरतलब है कि रेलवे कर्मचारियों के तय कार्य घंटे और विश्राम का मुद्दा नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवे (NFIR) ने प्रमुखता से उठाया था. फेडरेशन ने 17 अक्टूबर, 2026 को रेलवे बोर्ड को अभ्यावेदन सौंपकर रनिंग स्टाफ और अन्य परिचालन श्रेणियों के कर्मचारियों को नियमानुसार ड्यूटी व पर्याप्त विश्राम दिलाने की मांग की थी. इसमें स्टाफ की कमी के कारण परिचालन स्तर पर आ रही चुनौतियों और ड्यूटी रोस्टर के पालन में हो रही दिक्कतों की ओर ध्यान दिलाया गया था.
हर इकाई में बनेगा निगरानी तंत्र
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को अपने-अपने क्षेत्र में कार्य समय, ड्यूटी रोस्टर और विश्राम नियमों के अनुपालन की समीक्षा करने को कहा है. साथ ही हर इकाई में ऐसी निगरानी व्यवस्था विकसित करने का निर्देश दिया गया है, जिससे किसी भी कर्मचारी को नियमों का उल्लंघन कर ड्यूटी पर न लगाया जा सके.
