babita sawai madhopur: राजस्थान एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने जयपुर से एक महिला को गिरफ्तार किया है, जिस पर पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े होने का आरोप है. जांच एजेंसियों के अनुसार महिला लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों में शामिल थी. कथित तौर पर संगठन के संपर्क में रहकर भारत में स्लीपर सेल की तरह काम कर रही थी.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए विदेशी हैंडलर्स तथा राष्ट्रविरोधी तत्वों से संपर्क बनाए हुए थी. ATS को उसके मोबाइल, सोशल मीडिया अकाउंट्स और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड से कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है.
अधिकारियों ने क्या बताया?
अधिकारियों का मानना है कि महिला का काम सीधे तौर पर किसी आतंकी वारदात को अंजाम देना नहीं, बल्कि संगठन के लिए जानकारी जुटाना, संपर्कों का नेटवर्क तैयार करना और जरूरत पड़ने पर स्थानीय मदद उपलब्ध कराना था. यही वजह है कि उसे स्लीपर सेल का हिस्सा माना जा रहा है.
नेटवर्क की तलाश में जुटी जांच एजेंसियां
जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि उसके संपर्क किन-किन लोगों से थे और क्या वह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा थी. महिला के विदेशी कनेक्शन और वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है.
ATS ने आरोपी महिला के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत मामला दर्ज किया है. अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां या खुलासे हो सकते हैं.
सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को गंभीरता से ले रही हैं, क्योंकि हाल के वर्षों में आतंकी संगठन सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए नए नेटवर्क खड़े करने की कोशिश करते रहे हैं.
ये भी पढ़ें: रुद्रप्रयाग के गुरुद्वारे में निहंग सिखों ने क्यों किया कब्जा? 3 दिन बाद भी नहीं सुलझा मामला, सेना के जवान तैनात
