BJP MP Nishikant Dubey Hunger Strike: भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे ने संसद खत्म होने के बाद भूख हड़ताल का ऐलान किया है. सांसद ने यह ऐलान रांची में JPSC-JSSC में कथित गड़बड़ियों को लेकर हो रहे प्रदर्शन को लेकर किया. उन्होंने आंदोलन के लिए अपनी पार्टी से मंजूरी की मांग की है. रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में करीब 14 दिनों से छात्र आंदोलन कर रहे हैं. इस आंदोलन में छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भूख हड़ताल पर बैठे हैं. फिलहाल, अभी तक छात्रों के हित में कोई फैसला नहीं लिया गया है.
रांची में JPSC-JSSC उम्मीदवारों के विरोध-प्रदर्शन को लेकर BJP सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, “संसद का सत्र 13 तारीख तक चल रहा है. अगर तब तक कोई फैसला नहीं लिया जाता है, तो रांची पहुंचकर भूख हड़ताल करेंगे. इसके लिए पार्टी की मंजूरी की जरूरत होती है. इसलिए मैंने पार्टी से पूछा है. छात्रों के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ हो रहा है. सरकार को उनकी मांगों पर जल्द निर्णय लेना चाहिए.”
झारखंड के बच्चों को न्याय मिलेगा https://t.co/LCLOQU6VQs
— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) August 7, 2026
विपक्ष पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप
रांची में हो रहे PSC-JSSC में गड़बड़ी को लेकर भाजपा सांसद ने इससे पहले भी दोहरा रवैया अपनाने की बात कही थी. उन्होंने कहा था कि विपक्ष झारखंड छात्र आंदोलन को लेकर दोहरा रवैया अपना रही है. वे यूट्यूबर भी कहां गए, जो भारत विरोधी मामलों को बढ़ा- चढ़ाकर पेश करते हैं. ये लोग झारखंड के छात्रों के मुद्दों पर चुप क्यों हैं. इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया.
ये भी पढ़ेंः JPSC Protest: CJP ने भेजी मदद, सरकार से पहली दौर की बातचीत विफल, छात्र बोले- आंदोलन रहेगा जारी
आंदोलन का आज 14वां दिन
बता दें, रांची में छात्रों के प्रोटेस्ट का आज 14वां दिन है. जहां हजारों की तादात में छात्र अनशन पर बैठे हैं. आंदोलन प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के खिलाफ किया गया है. आंदोलन को अब कॉकरोच जनता पार्टी ने भी समर्थन दे दिया है. इसी बीच भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने भूख हड़ताल का ऐलान किया है.
