पाकिस्तान का परमाणु ब्लफ हो गया खत्‍म? SIPRI रिपोर्ट से ऑपरेशन सिंदूर की चर्चा फिर तेज

SIPRI Yearbook 2026: SIPRI की ताजा रिपोर्ट ने पाकिस्तान की परमाणु ताकत को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं.रिपोर्ट के बाद ऑपरेशन सिंदूर और किराना हिल्स से जुड़ी चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं, हालांकि परमाणु ठिकानों पर हमले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
ऑपरेशन स‍िंदूर

ऑपरेशन स‍िंदूर

Pakistan Nuclear Infrastructure: स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) की ताजा रिपोर्ट के बाद पाकिस्तान की परमाणु ताकत को लेकर नई बहस छिड़ गई है. रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत के पास अब लगभग 190 परमाणु वॉरहेड हैं, जबकि पाकिस्तान का भंडार करीब 170 पर स्थिर है. इससे साफ संकेत मिलता है कि रणनीतिक क्षमता के मामले में भारत ने बढ़त बना ली है.

रिपोर्ट आने के बाद ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं. कुछ विश्लेषकों का दावा है कि इस अभियान के दौरान भारत ने पाकिस्तान के उन सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया था, जिनका संबंध उसके परमाणु ढांचे और मिसाइल नेटवर्क से माना जाता है. हालांकि भारत ने आधिकारिक तौर पर कभी यह नहीं कहा कि उसने पाकिस्तान के परमाणु ठिकानों पर हमला किया था.

किराना हिल्‍स को लेकर सबसे ज्‍यादा चर्चा

सबसे ज्यादा चर्चा किराना हिल्स को लेकर हो रही है. पाकिस्तान के सरगोधा क्षेत्र के पास स्थित इस इलाके को लंबे समय से उसके संवेदनशील परमाणु ढांचे से जोड़कर देखा जाता रहा है. ऑपरेशन सिंदूर के बाद सोशल मीडिया और रक्षा विशेषज्ञों के बीच यह अटकलें लगाई जाती रहीं कि भारतीय हमले इस क्षेत्र के बेहद करीब तक पहुंचे थे.

हालांकि भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने पहले स्पष्ट किया था कि ऑपरेशन सिंदूर में आतंकवादी ठिकानों और चुनिंदा सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया था, न कि किराना हिल्स के किसी परमाणु केंद्र को, इसके बावजूद यह बहस खत्म नहीं हुई और SIPRI की रिपोर्ट आने के बाद फिर चर्चा में आ गई.

SIPRI ने और क्‍या बताया?

SIPRI ने यह भी बताया कि दुनिया में परमाणु हथियारों की संख्या भले थोड़ी घटी हो, लेकिन परमाणु शक्तियां अपने हथियारों को अधिक आधुनिक और तैनाती के लिए तैयार बना रही हैं. भारत ने अपने परमाणु कार्यक्रम का विस्तार किया है, जबकि पाकिस्तान भी नई मिसाइल प्रणालियों और परमाणु क्षमता बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है.

रिपोर्ट में सबसे बड़ा मैसेज

रिपोर्ट का सबसे बड़ा संदेश यह है कि दक्षिण एशिया में परमाणु संतुलन तेजी से बदल रहा है. भारत की बढ़ती क्षमता और ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाइयों ने पाकिस्तान के उस दावे पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि उसका परमाणु नेटवर्क पूरी तरह सुरक्षित और अजेय है. हालांकि किराना हिल्स पर हमले को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, इसलिए इसे लेकर किए जा रहे दावों को सावधानी से देखने की जरूरत है.

ये भी पढ़ें:फ्रांस में गूंजा भारत का दम, PM मोदी बोले- दुनिया को समाधान देने वाला देश बन चुका है इंडिया

ज़रूर पढ़ें